CM हेमन्त पहुंचे बंगाल, तृणमूल कांग्रेस को पुनः सत्ता दिलाने के लिए झोंकी ताकत, जनता से की अपील ममता जैसी कोई नहीं, वो अकेले लड़ रही फिरकापरस्त ताकतों से
झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी को पुनः सत्ता में लाने के लिए बंगाल के विभिन्न विधानसभा चुनाव क्षेत्र में जाकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और लोगों से भाजपा के खिलाफ मतदान करने का अनुरोध किया। इस दौरान उन्होंने खुलकर ममता बनर्जी के कार्यों की प्रशंसा और केन्द्र की मोदी सरकार की तीखी आलोचना की।
सर्वप्रथम प. बंगाल के काशीपुर की धरती पर हेमन्त सोरेन ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जनता अन्याय, विभाजन और नफरत की राजनीति को नकार चुकी है। यह चुनाव सिर्फ सरकार चुनने का नहीं, बल्कि अपनी अस्मिता, अपने अधिकार और अपने भविष्य की रक्षा का चुनाव है।
उन्होंने कहा कि वे यहाँ सोमेश बेल्थेरिया के समर्थन में खड़े हैं, क्योंकि वे इस क्षेत्र की आवाज़ हैं, यहाँ के लोगों के संघर्ष और आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। तृणमूल कांग्रेस ने हमेशा जनहित, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की राजनीति की है — और यही रास्ता देश को आगे ले जा सकता है। आज देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, विपक्ष की आवाज़ दबाने और समाज को बाँटने की कोशिश हो रही है। ऐसे समय में पश्चिम बंगाल की जनता ने हमेशा की तरह एक मजबूत संदेश देने का काम किया है
उन्होंने सभी से अपील कि भारी संख्या में मतदान कर सोमेश को विजयी बनाएं और एक ऐसी सरकार को मजबूत करें जो आपके हक, आपकी पहचान और आपके भविष्य के लिए लड़ती रहे। उन्होंने जनता को बताया कि बंगाल का यह चुनाव एक निर्णायक चुनाव है। ममता दीदी अकेले भाजपा जैसी फ़िरकापरस्त पार्टी के साथ लड़ रही है। हम भी ममता दीदी की इस लड़ाई में उनके साथ हैं। पूरी बंगाल की जनता दीदी के साथ खड़ी है। बंगाल का हर एक वर्ग – आदिवासी, दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक, अमीर, गरीब – सभी वर्ग ममता दीदी के साथ खड़ा है।
हेमन्त सोरेने इसके बाद पुरुलिया जिले के मानबाजार विधानसभा से तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी संध्या रानी टुडू के पक्ष में आयोजित सभा में शामिल हुए। उन्होंने भीड़ को देखकर कहा कि यहां उपस्थित यह जनसमर्थन बता रहा है कि ममता दीदी के साथ यहां की जनता मजबूती के साथ खड़ी हुई है। आदिवासी, दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक समाज को संवेदनशीलता के साथ हक-अधिकार दिलाने का काम करती है ममता दीदी।
उन्होंने कहा कि बंगाल में आदिवासी समाज, संथाल समाज की पढ़ाई-लिखाई का जो मॉडल है वह हम झारखंड में भी लागू करने का काम कर रहे हैं। जबकि भाजपा सिर्फ आदिवासी विरोधी है। आप सभी को पता होगा भाजपा शासित राज्य में आदिवासी समाज के साथ आए दिन कितना शोषण और अत्याचार किया जा रहा है। इसलिए आप सभी आगामी चुनाव में ममता दीदी और टीएमसी को मजबूती के साथ अपना आशीर्वाद देने का काम करें।
बंगाल के बंदवान विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी राजीब लोचन सोरेन जी के पक्ष में आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि भाजपा का काम समाज को समाज से लड़ाना है। यह हर एक वर्ग को दूसरों से लड़ाकर फूट डालो और राज करो की कुनीति के साथ काम करती है। भाजपा कभी भी आदिवासी समाज की हितैषी नहीं हो सकती। असम में आदिवासी समाज के लाखों लोग रहते हैं लेकिन वहां आदिवासी समाज को कभी एसटी समझा ही नहीं गया, वहां वर्षों से भाजपा ने आदिवासी समाज का शोषण किया है। इसलिए आप सभी से अपील है आगामी चुनाव में ममता दीदी के हाथों को मजबूत करने का काम करें।
