राजनीति

भाजपा ने सौंपी अमर कुमार बाउरी को भाजपा विधायक दल के नेता की कमान, जय प्रकाश पटेल होंगे सचेतक

केन्द्रीय राज्य पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक विभाग मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को पत्र संप्रेषित किया है। जिसमें उन्होंने अमर कुमार बाउरी को भाजपा विधायक दल के नेता और जय प्रकाश पटेल को सचेतक की कमान सौंपने की बात कही है।

अश्विनी कुमार चौबे ने अपने पत्र में लिखा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने उन्हें झारखण्ड राज्य विधानमंडल दल के नेता के चयन के लिये पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। जिसके कारण वे रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय जाकर उन्होंने राज्य के सभी भाजपा विधायकों के साथ बैठक की, साथ ही अलग-अलग विचार भी जानी।

अश्विनी कुमार चौबे ने पत्र में लिखा है कि सभी के विचारों के जानने के बाद उन्होंने अपनी रिपोर्ट जे पी नड्डा को सौंप दी थी। जिस पर विचारोपरांत उन्होंने दलित समुदाय से आनेवाले विधायक अमर कुमार बाउरी को नेता विधायक दल तथा जय प्रकाश पटेल को सचेतक बनाये जाने पर अपनी सहमति प्रदान कर दी है। अतः आपको सूचित किया जाता है कि उनके नामों की उक्त पदों के लिए विधिवत् घोषणा अपनी ओर से कर दें।