बिरसा मुंडा की परपोती आश्रिता सड़क दुर्घटना में घायल, स्थिति गंभीर, राज्य सरकार संज्ञान ले

वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी रतन तिर्की ने सोशल साइट फेसबुक के माध्यम से सूचना दी है कि वीर बिरसा मुंडा की परपोती आश्रिता टूटी गत् 11 अक्टूबर को सड़क दुर्घटना में घायल हो गई। रतन तिर्की के अनुसार, इतनी बड़ी घटना की सूचना किसी अखबार या चैनल या मीडिया हाउस तो दूर, राज्य सरकार तक को नहीं है, उनका कहना है कि राज्य सरकार को चाहिए कि वह इस घटना का स्वयं संज्ञान लें और वीर बिरसा मुंडा की परपौती आश्रिता टूटी के बेहतर इलाज में प्रमुख भूमिका निभाएं।

रतन तिर्की के अनुसार, वीर बिरसा मुंडा की परपोती आश्रिता टूटी गत 11 अक्टूबर को, सायं 6 बजे जनजातीय भाषा विभाग के सामने, सड़क दुर्घटना में घायल हो गई। बताया जा रहा है, आश्रिता टूटी बाइक पर सवार होकर, जनजातीय भाषा विभाग से निकली थी, कि तभी दूसरी ओर से आ रहे तेज रफ्तार में चला रहे बाइक सवार की शिकार हो गई। बाइक से टक्कर के कारण, उनके सर पर गहरी चोट लगी है। स्थिति बहुत ही गंभीर बताई जा रही है।

फिलहाल आश्रिता रांची के बरियातू में स्थित हेल्थ प्वाइन्ट में इलाजरत है। उन्हें देखने के लिए वरिष्ठ समाजसेवी दयामनि बारला, नीलमणिपूर्ति भी पहुंची है। बड़ी संख्या में उनके चाहनेवाले, एवं शुभचिन्तकों का समूह, उन्हें देखने के लिए अस्पताल पहुंच रहा है। आश्रिता टूटी की स्थिति बेहद नाजुक है। घटना की स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। इधर बड़ी संख्या में उनके चाहनेवाले ईश्वर से बिशेष प्रार्थना कर रहे हैं कि आश्रिता टूटी शीघ्र ठीक हो जाये। दूसरी ओर रतन तिर्की के फेसबुक साइट पर बड़ी संख्या में लोग उनके लिए दूआएं कर रहे है, तथा राज्य सरकार से आश्रिता टूटी को बचाने के लिए शीघ्र प्रयास करने की अपील भी कर रहे है।