घोर आश्चर्य, जिस पार्टी को फिलहाल झारखण्ड में ठीक से खड़ा होने की ताकत नहीं, वो दीपक प्रकाश की पार्टी भाजपा हेमन्त सरकार के खिलाफ 11 अप्रैल को जन-सैलाब लायेगी

लो जी कर लो बात। भाजपा की कोर कमेटी की आज बैठक प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई है। बैठक में प्रदेश प्रभारी सांसद डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद सुनील कुमार सिंह, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद समीर उरांव, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. रवींद्र कुमार राय, डा. दिनेशानंद गोस्वामी शामिल हुए हैं।

सब ने मिलकर 11 अप्रैल को हेमन्त सरकार के खिलाफ जन-सैलाब लाने की ठानी है। सब का कहना है कि ये जन सैलाब रांची के प्रोजेक्ट बिल्डिंग में दिखेगा। पर सच्चाई क्या है? वो विद्रोही24 को पता है। ये जन-सैलाब क्या, ये हेमन्त सरकार के खिलाफ सामान्य प्रदर्शन के सिवा कुछ नहीं कर पायेंगे, क्योंकि इनकी ताकत को राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस प्रकार से ध्वस्त किया है कि ये राज्य में खड़ा होने की स्थिति में नहीं हैं।

बैठक के बाद, जैसा की भाजपा में होता है, एक व्यक्ति मीडिया से बात करता है। जो बताता है कि कोर कमेटी ने क्या निर्णय लिया। इस बार स्वयं इसकी जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने उठा ली और अपनी बातों को शुद्ध घी वाली सुजी के हलवे की तरह मीडिया को परोस दिया। दीपक प्रकाश ने कहा कि आज की इस महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत, धारदार, सर्व व्यापी, सर्व स्पर्शी, सर्व समावेशी बनाने के साथ आगामी विभिन्न सांगठनिक कार्यक्रमों और 11अप्रैल को रांची में राज्य सरकार के खिलाफ होने वाले ऐतिहासिक जनांदोलन पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई।

श्री प्रकाश ने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चलने वाली झामुमो कांग्रेस राजद ठगबंधन की सरकार से जनता ऊब चुकी है। भाजपा राज्य की सवा तीन करोड़ जनता की भावनाओं की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि अब तो मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में जनता सड़कों पर धरना देकर राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प व्यक्त कर रही है। उन्होंने आज युवाओं के द्वारा नियोजन नीति के खिलाफ बुलाए गए ऐतिहासिक संथाल परगना बंद के लिए जनता का आभार प्रकट किया।

उन्होंने कहा कि सफेद झूठ बोलकर, लोगों को मुंगेरीलाल के हसीन सपने दिखाकर सत्ता में आने वाली सरकार को अब सच से सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का आक्रोश दिनों-दिन राज्य सरकार के खिलाफ बढ़ता ही जा रहा है। श्री प्रकाश ने कहा कि आगामी 11 अप्रैल को प्रदेश भाजपा के बैनर तले राज्य के 32 हजार गांवों से रांची की धरती पर जनसैलाब उतरेगा। जनता इस भ्रष्ट निकम्मी राज्य सरकार के सचिवालय को घेर कर उनके वादे को याद कराएगी। सरकार या तो अपना वादा निभाए या फिर कुर्सी छोड़े।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल लूट,घोटाले, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण में लगी है। राज्य में वित्तीय अराजकता की स्थिति भयावह है। यह देश का पहला राज्य है जहां मार्च लूट के तहत एक दिन में 5000 करोड़ रूपए की निकासी होती है। सरकार की लोक लुभावन योजनाओं का बुरा हाल है। साथ ही बजट के 11 हजार करोड़ रुपये सरेंडर हो गए। राज्य की विधि व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। जनता भगवान भरोसे जीवन बसर कर रही।

दीपक प्रकाश ने कहा कि आगामी 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस, घर-घर झंडा लगाकर मनाया जायेगा। साथ ही 6 अप्रैल को पार्टी के कार्यकर्ता जनता के साथ मिलकर 9.30 बजे प्रातः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन सुनेंगे। सच्चाई विद्रोही24 को पता है कि बहुत कम ही भाजपा कार्यकर्ता भाजपा के इस घर-घर झंडा कार्यक्रम में शामिल होंगे, बाकी अपने घर में आराम करना ज्यादा जरुरी समझेंगे।