राजनीति

बाबूलाल मरांडी झारखण्ड की 81 विधानसभा क्षेत्रों की सभी जनता से संपर्क साधने के लिए 17 अगस्त से निकलेंगे संकल्प यात्रा पर

गिरिडीह के मधुबन में प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों व विधायकों की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बूथ ही भाजपा की गतिविधियों का सक्रिय केंद्र बने। कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि बूथ से जीवंत संबंध स्थापित करें। उन्होंने कहा कि हम अपने व्यवहार और परिश्रम से जनता का दिल जीतेंगे तो जनता पार्टी को जीत दिलायेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार जनता को समाधान नहीं दे रही बल्कि  जनता को परेशान करने वाले विधेयक लाकर परेशान करने का लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने ऐसे भ्रष्ट, निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जनता को जगाने का आह्वान किया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जन प्रतिनिधि गांव, गरीब के दुख दर्द से जुड़ें, उनकी छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करें ।

उन्होंने कहा कि कोई जरूरी नहीं की समाधान मिल ही जाये लेकिन आपके किये गये प्रयासों को जब जनता देखेगी तो अवश्य ही सराहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतत्र और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखती है। ग्रामीण व्यवस्था को सुदृढ़ करने, गांव गरीब किसान को मजबूत करने केलिए भाजपा सदैव तत्पर है।

उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण विकास, के प्रति उदासीन है। पंचायती राज संस्थाओं को नगर निकायों को यह सरकार कमजोर रखना चाहती है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय के लक्ष्य को साकार करने के लिए भाजपा को मजबूत करना आवश्यक है। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी आगामी 17 अगस्त से 4 अक्टूबर तक 81 विधानसभा क्षेत्र में संकल्प यात्रा के माध्यम से जनता को संबोधित करेंगे। यह संकल्प यात्रा 17 अगस्त से सिदो कान्हो की जन्मभूमि से प्रारंभ होगी।