अपराध

ट्यूशन जाने के दौरान छात्रा से मोबाइल झपटने वाला आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुखदेवनगर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, छीना गया मोबाइल और स्कूटी बरामद

सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े छात्रा से मोबाइल छीनकर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त स्कूटी तथा घटना के समय पहना गया टी-शर्ट भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 208/26 के तहत दर्ज मामले में एक 19 वर्षीया छात्रा ने सात जून को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में बताया गया था कि छः जून की दोपहर करीब 3:50 बजे वह ट्यूशन जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान मेट्रो गली के पास एक नीले-काले रंग की टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी पर सवार युवक ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और तेजी से फरार हो गया।

घटना के बाद सुखदेवनगर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितेश कुमार तिवारी (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से न्यू मधुकम, महुआ टोली का रहने वाला है तथा वर्तमान में देवी मंडप रोड, पिस्का मोड़ स्थित किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस ने छात्रा से छीना गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी (पंजीकरण संख्या JH01EZ8690), घटना के समय आरोपी द्वारा पहना गया टी-शर्ट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *