अपराध

20 लाख की सुपारी के लिए छड़-सीमेंट व्यवसायी राधेश्याम साहू के ऊपर गोली चलाने वाला तथा अनिल टाइगर हत्याकांड का मुख्य सरगना अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा रांची पुलिस की हिरासत में

दिनांक 15/10/2025 को कटहल मोड़ के पास स्थित शांभवी इंटरप्राईजेज के मालिक राधेश्याम साहू को उनके दुकान के पास ही दो अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा अंधाधुंध कई राउंड गोली फायर कर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें राधेश्याम साहू गंभीर रूप से घायल हो गये थे। इस संबंध में नगड़ी थाना में कांड सं0-160/25 दिनांक-15.10.2025 धारा-109 (1/61 (2)/3 (5) बी0एन0एस0 एवं 27 आर्म्स एक्ट दर्ज किया गया था।

इस घटना को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची द्वारा तत्काल पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम गठित किया गया, जिसमें पुलिस उपाधीक्षक (मु०) द्वितीय एवं एसआईटी के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों द्वारा लगातार अनुसंधान एवं छापामारी किया गया, जिसमे पुलिस को कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में पता चला था तथा पुलिस उनकी तलाश में लगी हुई थी।

पुलिस के द्वारा दो शूटरों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है तथा घटना को अंजाम दिलाने वाले मुख्य सरगना अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा पुलिस की पकड़ से फरार चल रहा था। जिसकी तलाश अनिल टाइगर की हत्या के बाद से ही रांची पुलिस कर रही थी। वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि अभियुक्त अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा कोलकाता में छिप कर रह रहा है, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया तथा छापामारी दल द्वारा अभियुक्त को कोलकाता से रांची लाया गया।

जहां अभियुक्त से पूछताछ के क्रम में उसके द्वारा यह बताया गया कि 20 लाख रुपये की सुपारी के लिए उसके द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है। कांड में संलिप्त अन्य अपराधियों के विरूद्ध छापामारी जारी है। अभियुक्त पूर्व में भी जेल जा चुका है तथा कांके थाना क्षेत्रान्तर्गत अनिल महतो उर्फ अनिल टाइगर की हत्या के काण्ड सहित कई कांड में वांछित है।

ज्ञातव्य है कि दिनांक-26.03.25 को कांके थाना क्षेत्रार्न्तगत कांके चौक पर अवस्थित शिव मंदिर के पास के होटल में अनिल महतो उर्फ अनिल टाइगर की अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अनुसंधान के क्रम में घटना में संलिप्त 02 शूटरों (अमन सिंह एवं रोहित वर्मा), अनिल महतो उर्फ अनिल टाइगर की रेकी करने वाले सहित कुल 06 लोगों को पूर्व में न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आरोप-पत्र समर्पित किया गया है तथा इस कांड में पूरक अनुसंधान जारी है।

पूरक अनुसंधान के क्रम में देवव्रत नाथ शाहदेव के मुख्य सहयोगी एवं साजिशकर्ता अभिषेक सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा पिता लक्ष्मण सिन्हा, सा०-शिवगंज, किशोरगंज, थाना कोतवाली, जिला रांची के विरूद्ध ज्ञात तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। अनुसंधान के क्रम में यह ज्ञात हुआ है कि कांके थानार्न्तगत चामगुरु मौजा में देवव्रत नाथ शाहदेव की 10 एकड़ पुश्तैनी भूखंड का विगत कई वर्षों से विवाद स्थानीय जोतकारों से चला आ रहा था।

इस विवाद में जोतकारों का पक्ष अनिल महतो उर्फ अनिल टाइगर द्वारा देवव्रत नाथ के पास रखा जा रहा था तथा जोतकार एवं देवव्रत नाथ के मध्य भूमि विवाद के संबंध में अनिल महतो एवं देवव्रत नाथ शाहदेव के बीच कई बार मध्यस्थता एवं वार्ता भी हुई थी जो विफल रही। जिसके परिणामस्वरूप देवव्रत नाथ शाहदेव उक्त भूखंड पर न तो दखल कब्जा कर पा रहा था न ही विक्रय कर पा रहा था। इस समस्या से विचलित होकर देवव्रत नाथ शाहदेव ने किशोरगंज स्थित अपने घर के पास रहने वाले आदतन अपराधी अभिषेक सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

देवव्रत नाथ शाहदेव के द्वारा अनिल टाइगर की हत्या के लिए पांच लाख की सुपारी सूरज सिन्हा को दी गई। जिसमें कुछ रकम बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से सूरज सिन्हा के खाते में डाली गयी। साथ ही देवव्रत नाथ शाहदेव द्वारा अभिषेक सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा को यह भी प्रलोभन दिया गया कि चामगुरु मौजा में जमीन बेचने में से प्राप्त रकम से उसे भी सम्मानजनक हिस्सा दिया जायेगा।

घटना कारित करने के लिए देवव्रत नाथ शाहदेव द्वारा सूरज सिन्हा को मोबाइल, सीम भी उपलब्ध कराई गई थी। अनिल महतो उर्फ अनिल टाइगर की हत्या की साजिश रांची एवं कोलकाता में रची गई थी। तत्पश्चात् अनिल टाइगर के प्रत्येक गतिविधि की रेकी देवव्रत नाथ शाहदेव एवं सूरज सिन्हा द्वारा कराई गई तथा 26 मार्च 2025 को घटना का अंजाम दिया गया। अभियुक्त अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ सुरज सिन्हा का पूर्व अपराधिक इतिहास रहा है। इसके खिलाफ नामकुम, जीआरपी बोकारो, हजारीबाग मुफस्सिल, बोकारो चास, कांके थाने में कई अपराधिक मामले दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *