दारोगा बहाली में उम्र सीमा बढ़ाने के लिए आरक्षण अधिकार मोर्चा का रांची में उग्र प्रदर्शन

आरक्षण अधिकार मोर्चा के बैनर तले आज सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने रांची की सड़कों पर उग्र प्रदर्शन किया और रात्रि में मशाल जुलूस निकाला। रांची के कई क्षेत्रों से निकल बड़ी संख्या में आये छात्र-छात्राओं ने रांची जेल चौक पहुंचकर राज्य सरकार की नियुक्ति नियमावली नीति के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिससे करीब 45 तक निर्मल महतो चौक जाम रहा। आज के प्रदर्शन से पूरे रांची की यातायात व्यवस्था ठप पड़ गई।

आक्रोशित छात्र मुख्यमंत्री रघुवर दास और कार्मिक सचिव निधि खरे के खिलाफ जमकर नारे लगा रहे थे। स्थिति बिगड़ता देख बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर तैनातकर कई छात्रों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस और आंदोलनकारियों में झड़प भी हुई। बड़ी संख्या में इन आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर खेलगांव स्टेडियम लाया गया।

छात्रों का कहना है कि कार्मिक विभाग की ओर से दारोगा बहाली में जो उम्र सीमा निर्धारित की गयी है, उससे लाखों अभ्यर्थियों का सपना चकनाचूर हो गया है, छात्रों का कहना है कि वर्ष 2009 के बाद नियुक्ति जारी की गयी है, ऐसे में उम्र सीमा में विशेष छुट देने की जरुरत थी। इस बाबत छात्रों ने कट आफ डेट 2010 करने के साथ-साथ सामान्य के लिए उम्र सीमा 35 साल, एससी के लिए 40 और ओबीसी के लिए 38 साल करने की मांग की है। इधर सरकार का कहना है कि दारोगा बहाली में सामान्य वर्ग के लिए 21-26, ओबीसी के लिए 21-28 तथा एससी-एसटी के लिए 21-30 ही रहेगा। इसमें कोई रद्दोबदल नहीं होगा।