रांची के जगन्नाथपुर मेला व रथयात्रा के सफल आयोजन को लेकर डीजीपी की अध्यक्षता में मंदिर समिति के सदस्यों व संबंधित पदाधिकारियों के बीच विधि व्यवस्था व सुरक्षा को लेकर हुई चर्चा
आगामी जगन्नाथपुर मेला एवं रथ यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन के मद्देनज़र आज महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड की अध्यक्षता में मंदिर समिति के सदस्यों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रथ यात्रा एवं मेले के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने, रथ यात्रा एवं जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन करने तथा सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखकर अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था, अस्थायी कंट्रोल रूम की स्थापना, समुचित पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन योजना, अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों, आपातकालीन निकास (एग्जिट) मार्गों की उपलब्धता, तथा महिलाओं, बच्चों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक ने सभी संबंधित विभागों एवं मंदिर समिति के सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मेले एवं रथ यात्रा का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष बल दिया। साथ ही आम नागरिकों से भी प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई, ताकि यह पावन पर्व आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची, पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक (यातायात), अनुमंडल पदाधिकारी, सदर रांची, ए डी एम लॉ एंड आर्डर, मंदिर समिति के सदस्य, पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
