राजनीति

JPSC एवं JSSC में हुई धांधली की जांच CBI से कराने और छात्रों के खिलाफ हुई प्राथमिकी को रद्द करने की मांग को लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य सचिव से मिला

जेपीएससी एवं जेएसएससी द्वारा ली गई विभिन्न परीक्षाओं में हुई धांधली की सीबीआई जांच कराने एवं झारखण्ड के विभिन्न थानों में दर्ज हुए छात्रों के खिलाफ मुकदमे को अविलम्ब रद्द करने की मांग को लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल अपने प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से प्रोजेक्ट बिल्डिंग स्थित उनके कार्यालय में मिला।

प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान एक ज्ञापन भी दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि जेपीएससी/जेएसएससी द्वारा झारखण्ड के विभिन्न परीक्षाओं में व्यापक पैमाने पर हुई धांधली के विरोध में झारखण्डी छात्रों द्वारा लगभग एक महीने लोकतांत्रिक ढंग से शांतिपूर्ण आंदोलन किया गया था। इस दौरान और उसके बाद झारखण्ड के छात्रों की आवाज को दबाने के लिए विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई। सर्वोच्च न्यायालय ने देश के विभिन्न राज्यों में हुए छात्र आंदोलन के दौरान किये गये प्राथमिकी को तत्काल रद्द करने के आदेश दिये हैं। ऐसे में यहां के छात्रों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव से मांग की कि छात्र आंदोलन के दौरान एवं बाद में छात्रों के ऊपर राज्य के विभिन्न थानों में दर्ज प्राथमिकी अविलम्ब रद्द की जाये। झारखण्ड सरकार द्वारा जेपीएससी/जेएसएससी द्वारा परीक्षाओं में की गई धांधली को स्वीकार करते हुए रद्द एवं स्थगित किये गये सभी परीक्षाओं को अविलम्ब सीबीआई से जांच कराई जाये।

आयोग के अध्यक्ष की गिरफ्तारी होने के बाद अभी तक समान रूप से दोषी आयोग के सभी सदस्यों को भी अविलम्ब गिरफ्तारी हो एवं जिन पदाधिकारियों के मातहत कनिष्ठ कर्मचारियों की गिरफ्तारी धांधली के आरोपों में हुई है, वैसे पदाधिकारियों की भी गिरफ्तारी करते हुए कार्रवाई की जाये। प्रतिनिधिमंडल ने इन मांगों के साथ ही साथ चेतावनी दी कि अगर सरकार झारखण्ड के युवाओं के हित में अविलम्ब पूरी नहीं करती तो बाध्य होकर भाजपा पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *