पुणे से झारखण्ड भ्रमण पर आये छात्र-छात्राओं ने लोक भवन में की राज्यपाल के प्रधान सचिव से वार्ता
राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने आज लोक भवन में ज्ञान प्रबोधिनी नवनगर विद्यालय, पुणे से शैक्षणिक भ्रमण पर झारखण्ड आए विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि झारखण्ड खनिज संपदा की दृष्टि से देश के समृद्ध राज्यों में शामिल है। राज्य की लगभग 30 प्रतिशत भूमि वनाच्छादित है। उन्होंने बताया कि झारखण्ड की 26 प्रतिशत से अधिक आबादी जनजातीय समुदायों से संबंधित है। यहाँ 30 से अधिक जनजातीय समुदाय हैं, जिनमें 8 विशेष रूप से PVTGs शामिल हैं।
डॉ. कुलकर्णी ने विद्यार्थियों को झारखण्ड की जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा एवं औद्योगिक विकास से परिचित कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को लोक भवन के ऐतिहासिक महत्त्व एवं प्राकृतिक सौंदर्य से अवगत कराया। लगभग 200 प्रजातियों के पेड़-पौधों और गुलाब की सैकड़ों प्रजातियों से समृद्ध इसका उद्यान परिसर की विशेष पहचान है।
उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, परिश्रम एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने तथा असफलताओं से सीख लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का भी महत्त्वपूर्ण अवसर है। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने कल जमशेदपुर का भ्रमण किया तथा आज राँची के विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं। इसके बाद उनका खूंटी एवं बिशुनपुर जाने का कार्यक्रम है। विद्यार्थियों ने लोक भवन परिसर एवं उद्यान का भी भ्रमण किया।
