विपक्ष की गैर-मौजूदगी में एसआईआर और एमएमडीआर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने केन्द्र सरकार को खूब खरी-खोटी सुनाई, कहा कि झारखण्ड भारत से अलग नहीं हैं, हम अपने लोगों का हक लेकर रहेंगे
दो दिनों तक चले सदन के अंतिम चरण में सरकार की ओर से जवाब देते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विपक्ष की गैर-मौजूदगी में कहा कि ये भाजपावाले सेन्ट्रेलाइज्ड हो चुके हैं, इनको अच्छा-बुरा से कोई लेना-देना नहीं हैं। कल से लेकर आज तक सदन में दो सरकारी विषयों पर चर्चा किया गया। दोनों के मूल में एक ही संवैधानिक प्रश्न है। इस बहस में नागरिकों की जो राजनीतिक भागीदारी है, क्या ये सुनिश्चित नहीं होना चाहिए।
दूसरी ओर राज्य के संघीय व्यवस्था होने के कारण अपनी बातों को रखना और सुरक्षित करना गलत है। संविधान के अनुसार राज्य को भी कुछ शक्तियां दी गई है और नागरिकों को भी कुछ शक्तियां दी गई है। सब के लिए संविधान में अधिकार स्पष्ट रूप से अंकित है। उन्हीं में से ये दो विषय है – एक एसआईआर और दूसरा एमएमडीआर।
अनुदान हमारा हक, हम भीख नहीं मांग रहे
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि एसआईआर में बहुत सारे नाम काटे गये हैं, जो जीवित भी है, उनके नाम भी उड़ा दिये गये। एसआईआर में जो जटिलताएं हैं। वो बात भी यहां आया। झारखण्ड की भौगोलिक स्थितियां भी और राज्यों से अलग है। 1949 में शिक्षा के स्तर और आज के शिक्षा के स्तर में काफी परिवर्तन आया है। 1949 में निरक्षरों को भी संविधान ने इतनी शक्तियां दे दी, जिसके कारण आज लोकतंत्र इतना शक्तिशाली बना।
उन्होंने जोर देकर कहा कि एसआईआर एक संवैधानिक प्रकिया है। हमलोग इसका विरोध नहीं करते, पर जो इसका तौर-तरीका है, उसका हमलोग विरोध जरूर कर रहे हैं। जिन नागरिकों ने आज तक अपना कार्यालय तक नहीं देखा, जिनको अपनी बातें रखने में भी दिक्कत आती है, जब उनके सामने हमलोगों ने परेशानी देखी, तो हम आज इस मुद्दे पर मुखर हुए हैं।
जब वित्त मंत्री एमएमडीआर पर अपनी बातें रख रहे थे, तो विपक्ष कह रहा था कि केन्द्र ने राज्य को बहुत सारे पैसे दिये। बहुत सारे अनुदान दिये। अरे भाई, अनुदान हमारा हक है। हम भीख नहीं मांग रहे। उन्हें अनुदान देना पड़ेगा। आज या कल जरूर देना पड़ेगा। एमएमडीआर से जो धन प्राप्ति की बात है। धनप्राप्ति का मतलब यह नहीं कि कोषागार में हमारा पैसा फंसा है। ये हमारा क्षतिपूर्ति है। जो आप हमारा नुकसान कर रहे हैं। उसकी क्षतिपूर्ति है।
क्षतिपूर्ति गलत तरीके से घटित हुआ, उसका ही नहीं, जो सही तरीके से हो रहा है, उसका भी क्षतिपूर्ति देना पड़ेगा, कोर्ट गये तो और देना पड़ेगा। वे कहते हैं कि संवैधानिक पीठ के आदेश के बाद एमएमडीआर लागू किया। लेकिन वहां भी केन्द्र सरकार ये बात रखने में विफल रही कि हमलोगों की मांगे गलत है।
उन्होंने कहा कि बड़ी चतुराई से जब वे कानूनी ल़ड़ाई में सफल नहीं हो सके, तब तक चुप रहे। कोर्ट से राहत मिलने के बाद, जब हमलोगों ने क्षतिपूर्ति की मांग बढ़ाई। तब इन लोगों ने कानून लाकर हमारे हाथ बांधने का काम शुरु किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर ये पैसा भारत के खजाने में जाता, तो कोई दिक्कत नहीं था, क्योंकि अंत में ये पैसा हमारे पास ही घूम कर आता। लेकिन इन्होंने प्राइवेट कंपनियों और बड़े-बड़े व्यापारियों को दे दिया।
केन्द्र बताएं कि आज कहां सरकारी कंपनिया माइनिंग कर रही है? लगभग 99 प्रतिशत प्राइवेट कम्पनियां देश में माइनिंग कर रही है। ये एमएमडीआर संशोधन, देशहित या आदिवासी हित में नहीं, बल्कि व्यापारियों के हित में किया गया। झारखण्ड भी भारत है, हम भारत से बाहर नहीं, देश के विकास में हमारी सरकार रोड़ा बने ये हम कभी नहीं चाहते।
केन्द्र में मजबूत नहीं, मजबूर सरकार
उन्होंने कहा कि ग्राम सभा से सहमति लेने का जो संवैधानिक प्रावधान है, तो क्या केन्द्र को ग्राम सभा या राज्य सरकार से पूछना नहीं चाहिए था। ये बिल कहां से आया। इंटरेस्टिंग सिचुएशन है। आम तौर पर सेकेंड हाफ में यह बिल लाया जाता है। लेकिन इन लोगों ने 11 बजे आनन-फानन में बिल पुट अप कर पास करा दिया। उसके बाद सत्रावसान भी करा दिया। मतलब ये आखिरी बिल है। उसके बाद सत्र समाप्त।
इसका मतलब ये सुनियोजित तरीके से इस बिल को टेबल कर पास करा दिया गया। ये लोग बड़ा ही चतुर किस्म के ये लोग है। ये कितना भी डींगें हांक ले। मजबूत सरकार है। दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक दल है। ये मजबूत नहीं, बल्कि मजबूर सरकार है। आज खनिज संपदा निकलेंगे या निकाला जायेगा। खत्म भी होगा। पहाड़ नदी नाले सब सुख जायेंगे। लेकिन यहां बचेगा तो झारखण्ड के लोग ही बचेंगे। आने वाली पीढ़ी को हम क्या देंगे। इनको ये तकलीफ है कि वर्तमान सरकार जिस तरीके से हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। उससे उन्हें दिक्कतें होंगी।
मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि विभिन्न विभागों के पैसे जब केन्द्र नहीं दे रही थी। तो हमलोगों ने खुद निर्णय लिया कि सभी के घर बनेंगे। ग्रामीण सड़कें बनेंगी। इसके लिये संसाधन जुटाने का काम शुरू किया। संसाधनों को जुटाना शुरू भी किया। एक लाख 36 हजार करोड़ रुपया हमारा बकाया निकलता था। वो भी पैसा केन्द्र ने नहीं दिया। कोर्ट कचहरी कराकर उलझा रखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के बाद जो हमारे नेताओं ने देश को जो भी संसाधन दिये। ये उसे बर्बाद करने में लगे हैं। विकसित भारत, सबका साथ, सबका विकास का नारा देनेवाले लोग बारह साल चला लिये। 12 साल चलाने के बाद कह रहे है कि जो किया सब पानी में चला गया। जबकि सच्चाई यह है कि कुछ उनके व्यक्तिगत मित्र है। इस सरकार द्वारा उन्हें भरपूर सहयोग मिला।
भाजपा के लोगों को प्रेम और सौहार्द से जातीय दुश्मनी
हेमन्त सोरेन ने कहा कि यह सदन ऐसा मंदिर है जहां न तो भगवान है, न ईश्वर है और न अल्लाह है। यहां सिर्फ इंसानियत है, प्रेम और सौहार्द है। लेकिन भाजपा के लोगों को प्रेम और सौहार्द से जातीय दुश्मनी रही है। ये नहीं चाहते कि लोग मिल कर रहे। फूट डालो और शासन करो में इनका विश्वास रहा है। एसआईआर को लेकर अब ये छाती पीटना शुरु किये हैं। जब लोगों ने पन्ने पलटने शुरु किये कि कहां गड़बड़िया हुई, तब ये नंगे होकर अपने कपड़े उतारेंगे। ये नंगे नजर आयेंगे। अब देश की जानता इतनी मूर्ख नहीं हैं.
हद तो यह भी हो गई है कि गाड़ी में पेट्रोल भरा जा रहा है या डीजल भरा जा रहा है या गन्ने का रस भरा जा रहा है। लोगों को पता ही नहीं चल रहा। ये चांद पर पहुंचने की बात करते हैं। लेकिन विश्व के टॉप 50 विश्वविद्यालयों में भारत का एक भी विश्वविद्यालय या कॉलेज नहीं हैं और हम इन्हीं बातों को लेकर उत्कृष्ट विद्यालय खोल रहे हैं तो इनको दिक्कत हो रही है।
उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों में शिक्षा का अभाव जरुर था। लेकिन वे दूरदर्शी थे। धरती के अंदर असीम क्षमता है, वे जानते थे। आज हम यहां बोल रहे हैं। ये उनके ही दूरदर्शिता का परिणाम है। ये भाजपा के लोग धरती आबा का नाम तो लेते हैं। लेकिन जब धरती ही नहीं रहेगा तो धरती आबा कैसे रहेंगे।
जंगल उजाड़ने के लिए प्रधानमंत्री स्तर तक मॉनिटरिंग
उन्होंने कहा कि माइनिंग करने के लिए, जंगल उजाड़ने के लिए प्रधानमंत्री स्तर तक यहां मॉनिटरिंग हो रही है। हाल ही में अरावली पहाड़ को साफ करने के लिए इन्होंने फॉरेस्ट डिपार्टमेंट से भी क्लियर करवा लिया। लेकिन उन्हें नहीं पता कि ये अरावली की पहाड़ियां ही है, जो रेगिस्तान से आनेवाली हवाओं को रोकने का काम करती है। खनन कार्य करने/कराने के लिए इनकी गीध दृष्टि लगी हुई है। दुमका में कल ही एक बहुत बड़ी घटना घटते-घटते बची। ओडिशा में तो आदिवासियों का समूह सड़कों पर उतर गया। अगर ये समूह भुवनेश्वर की ओर चल देता तो पता नहीं मांझी जी को क्या हो जाता?
उन्होंने कहा कि हम एमएमडीआर में जो अपना हक मांग रहे हैं। वो इसलिए कि खनन के माध्यम से जो यहां 100 सालों से आदिवासी-मूलवासी रह रहे हैं। जो इससे विस्थापित होंगे। उनकी क्षतिपूर्ति कैसे होगी? व्यापारियों का क्या है, वे तो पैसा उगानेवाले लोग हैं। लेकिन जो किसान और आदिवासी है, वे तो अनाज उगानेवाले लोग हैं, उनका क्या होगा?
