राजनीति

खनिज संपदा पर राज्यों के अधिकार और संघीय ढांचे की रक्षा के लिए हेमंत सरकार ने उठाई आवाज, एमएमडीआर संशोधन कानून के खिलाफ झारखंड विधानसभा में ऐतिहासिक संकल्प पारित

झारखण्ड विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन सदन आज 15 मिनट विलम्ब से प्रारंभ हुआ। स्पीकर रबीन्द्र नाथ महतो सदन में ठीक 11.15 बजे सदन में पहुंचे और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का नाम पुकारा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने एमएमडीआर को लेकर सरकार की बातें रखी और राज्य सरकार के संकल्पों को लेकर विपक्ष से भी इसका समर्थन करने का आग्रह किया।

इसके बाद चर्चा के दौरान झारखंड की खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार, आर्थिक हितों और आदिवासी-मूलवासी समुदायों के सामाजिक-आर्थिक भविष्य को लेकर कई माननीयों ने इस पर अपने-अपने विचार रखें। विचार रखनेवालों में झामुमो की कल्पना सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, भाकपा माले के अरुप चटर्जी, राजद के सुरेश पासवान आदि प्रमुख रहे।

चर्चा के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 पर पुनर्विचार करने तथा इसे वापस लेने की मांग करते हुए राजकीय संकल्प को विपक्षी दलों की गैर-मौजूदगी में सदन में प्रस्तुत किया। जो ध्वनिमत से पारित हो गया। इसके माध्यम से केंद्र सरकार से उक्त कानून पर पुनर्विचार कर इसे वापस लेने का आग्रह किया गया है।

विधानसभा में प्रस्तुत राजकीय संकल्प में राज्य सरकार ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार द्वारा 17 अगस्त 2026 को अधिसूचित एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के प्रावधानों से राज्यों के खनिज अधिकारों और खनिजयुक्त भूमि पर कर, उपकर एवं सेस लगाने की संवैधानिक शक्तियां सीमित हो गई हैं। इतना ही नहीं, राज्य सरकारों द्वारा पूर्व में लगाए गए कर एवं उपकर की बकाया राशि के दावों और उनकी वसूली को भी प्रभावित किया गया है। सरकार का मानना है कि यह व्यवस्था राज्यों के संवैधानिक एवं वित्तीय अधिकारों के प्रतिकूल है।

हर साल 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका

राजकीय संकल्प में राज्य सरकार ने आशंका जताई है कि इस अधिनियम के लागू होने से झारखंड को प्रतिवर्ष लगभग 13 हजार करोड़ रुपये के भारी राजस्व नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। इसका सीधा असर राज्य की सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा। सरकार के अनुसार, सीमित वित्तीय संसाधनों के बीच इन योजनाओं के संचालन और विकास कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि जुटाना बड़ी चुनौती बन जाएगा।

सरकार ने यह भी रेखांकित किया कि झारखंड देश के खनिज संपन्न राज्यों में अग्रणी है। इसके बावजूद खनन गतिविधियों का सबसे अधिक सामाजिक और पर्यावरणीय दुष्प्रभाव राज्य के आदिवासी, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और अन्य स्थानीय समुदायों को झेलना पड़ता है। खनन प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विस्थापन, भूमि से बेदखली, पर्यावरणीय क्षति तथा सामाजिक-सांस्कृतिक बदलाव जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में खनिज संपदा से प्राप्त आर्थिक लाभ का एक हिस्सा खनन प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान पर खर्च करना राज्य सरकार का नैतिक और संवैधानिक दायित्व है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी दिया हवाला

इस मुद्दे पर राज्य सरकार ने जुलाई 2024 में सुप्रीम कोर्ट की नौ न्यायाधीशों की संविधान पीठ द्वारा Mineral Area Development Authority बनाम Steel Authority of India Ltd. मामले में दिए गए ऐतिहासिक फैसले का भी उल्लेख किया। इस फैसले में न्यायालय ने स्पष्ट किया था कि खनिजयुक्त भूमि भी भूमि ही है और संविधान की सातवीं अनुसूची के राज्य सूची की प्रविष्टि-49 के तहत राज्य सरकारों को ऐसी भूमि पर कर अथवा उपकर लगाने का अधिकार प्राप्त है। न्यायालय ने राज्यों के इस अधिकार को संघीय ढांचे और संविधान प्रदत्त शक्तियों के अनुरूप माना था।

राज्य सरकार ने इसी संवैधानिक अधिकार के आधार पर झारखंड विधानसभा से ‘झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस अधिनियम, 2024’ पारित कराकर इसे अधिनियमित किया था। इसके माध्यम से राज्य को प्रतिवर्ष लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने का प्रावधान किया गया, जिसका उपयोग राज्य के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं में किया जाना है।

आदिवासी और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास पर पड़ेगा असर

संकल्प में कहा गया है कि झारखंड की खनिज संपदा से प्राप्त आर्थिक लाभ का उपयोग उन क्षेत्रों के विकास में होना चाहिए, जहां खनन के कारण सामाजिक और पर्यावरणीय बोझ उत्पन्न हुआ है। विशेष रूप से अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति तथा आदिम जनजाति समुदायों के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराना आवश्यक है।

सरकार का कहना है कि एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 के प्रतिकूल प्रभाव से खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए उपलब्ध संसाधन कम होंगे। इससे विस्थापित परिवारों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों और दलित समुदायों के कल्याणकारी कार्यक्रम भी प्रभावित हो सकते हैं। साथ ही, राज्यों के संवैधानिक, आर्थिक और पर्यावरणीय अधिकारों पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।

केंद्र से पुनर्विचार कर कानून वापस लेने का आग्रह

राजकीय संकल्प में यह भी कहा गया कि एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 से संघीय ढांचा प्रतिकूल रूप से प्रभावित होगा। राज्यों के लिए अपनी सामाजिक, आर्थिक, भौगोलिक तथा पर्यावरणीय परिस्थितियों के अनुरूप विकास की योजनाएं तैयार करना और उनका क्रियान्वयन करना अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाएगा।

इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से इस अधिनियम पर पुनर्विचार करने अथवा इसे वापस लेने का प्रस्ताव रखा। गुरुवार को विधानसभा में विशेष परिचर्चा के बाद राज्य सरकार के संकल्प संख्या-2671, दिनांक 23 नवंबर 2026 को पारित कर केंद्र सरकार को भेजने के लिए सदन की सहमति प्राप्त की गई।

इस प्रकार विधानसभा में पारित यह राजकीय संकल्प केवल राजस्व के नुकसान का मुद्दा नहीं, बल्कि राज्यों के संवैधानिक अधिकारों, संघीय व्यवस्था, खनिज संपदा पर अधिकार और खनन प्रभावित समुदायों के न्यायपूर्ण विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *