अपराध

कांके डकैती कांड का खुलासा, छह अपराधी गिरफ्तार, 4.24 लाख रुपये बरामद, अगस्त से मकान की रेकी कर रहा था गिरोह, वारदात में इस्तेमाल इनोवा और स्कार्पियो भी जब्त, 14 अपराधियों की संलिप्तता की आशंका

कांके थाना क्षेत्र के गागी स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में हथियारबंद अपराधियों द्वारा की गई डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूट के चार लाख 24 हजार रुपये नकद, आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल दो वाहन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दो का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, इस वारदात में अब तक कुल 14 अपराधियों की संलिप्तता सामने आई है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए जेवरात की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब सात बजे रिंग रोड के पास गागी स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में राम शंकर प्रसाद सिंह के मकान में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया था। अपराधी घर से कीमती जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस ने जांच शुरू की।

विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन तथा वरीय पुलिस उपाधीक्षक, मु.-प्रथम के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इसमें कांके थाना समेत अन्य थानों के पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को शामिल किया गया। विशेष टीम ने तकनीकी आसूचना और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान मिले सुरागों के आधार पर घटना में शामिल छह आरोपियों को बरियातू थाना क्षेत्र, दलादली ओपी और सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

तीन आरोपियों के पास से 4.24 लाख रुपये बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट की नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामदगी का विवरण इस प्रकार है: बीर बहादुर सिंह: एक लाख 20 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन। सुधीर कुमार: एक लाख चार हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन। कम्मो देवी: दो लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन। अन्य तीन आरोपियों के पास से, चार मोबाइल फोन। इस प्रकार कुल चार लाख 24 हजार रुपये नकद और आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों और उनके सहयोगियों ने अगस्त 2026 से ही घटनास्थल स्थित मकान की लगातार रेकी शुरू कर दी थी। इसके बाद संगठित गिरोह बनाकर वारदात को अंजाम देने के लिए वाहन और हथियारों की व्यवस्था की गई।

पुलिस का कहना है कि डकैती के बाद आरोपी ग्रे रंग की इनोवा कार (नंबर JH14C-4405) से फरार हुए थे। हालांकि, पिठौरिया थाना क्षेत्र में वाहन छोड़कर सभी अलग-अलग दिशाओं में निकल गए। जांच के दौरान इनोवा कार को कोकदोरो चौक के पास लावारिस हालत में बरामद किया गया। इसके अलावा, घटना में इस्तेमाल की गई एक काले रंग की स्कॉर्पियो (नंबर JH01EX-1156) भी जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में दो का आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपियों में बीर बहादुर सिंह और रजनीश सिंह का आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस के अनुसार, बीर बहादुर सिंह के खिलाफ बिहार के भोजपुर जिले के बड़हरा थाना में वर्ष 2021 में चोरी, चोरी की संपत्ति रखने और साक्ष्य मिटाने से संबंधित मामला दर्ज है। वहीं, रजनीश सिंह के खिलाफ रामगढ़ जिले के पतरातू थाना में वर्ष 2020 में डकैती और डकैती की संपत्ति रखने से संबंधित मामला दर्ज है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार है…

पुलिस ने इस मामले में निम्नलिखित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

  1. बीर बहादुर सिंह, पिता-अयोध्या सिंह उर्फ राम अयोध्या सिंह, निवासी बखोरापुर, थाना बड़हरा, जिला भोजपुर, बिहार।
  2. सुधीर कुमार, पिता-रामनारायण राय, निवासी बखोरापुर, थाना बड़हरा, जिला भोजपुर, बिहार।
  3. कम्मो देवी, पति-नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ चौहान, मूल निवासी धरमपुर, थाना संदेश, जिला भोजपुर, बिहार; वर्तमान पता अलकापुरी, रातू रोड, सुखदेवनगर, रांची।
  4. चंद्रशेखर पांडेय, पिता-कृष्णदेव पांडेय, मूल निवासी करनी, थाना इटखोरी, जिला चतरा; वर्तमान पता इंद्रपुरी कॉलोनी, रोड नंबर-14, सुखदेवनगर, रांची।
  5. सुमीत कुमार सिंह, पिता-संत बिलास सिंह, मूल निवासी सुरौधा, थाना इटाढ़ी, जिला बक्सर, बिहार; वर्तमान पता एदलहातू, मोरहाबादी, बरियातू, रांची।
  6. रजनीश सिंह, पिता-स्वर्गीय मानदेव सिंह, मूल निवासी खड़ीहा, थाना मुफस्सिल, जिला औरंगाबाद, बिहार; वर्तमान पता रांची रोड, अशोक सिनेमा हॉल, सेवा कॉलोनी, कुज्जू ओपी, रामगढ़।

शेष आरोपियों और जेवरात की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता और अन्य सहयोगियों की भूमिका के संबंध में जानकारी दी है। मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी तथा लूटे गए नकद और कीमती जेवरात की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *