बाल कोना

डालटनगंज के जिला स्कूल में झारखण्ड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल का झारखण्ड स्कूल टेलेंट सर्च प्रतियोगिता संपन्न

झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल द्वारा आयोजित झारखंड स्कूल टेलेंट सर्च प्रतियोगिता 2026 का प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को जिला स्कूल के हॉल में किया गया। इस प्रतियोगिता का नाम सुर और ताल संग्राम था। इसके मुख्य अतिथि के रूप में मेदिनीनगर नगर निगम के उप मेयर मनोज सिंह मौजूद थे।

उन्होंने कार्यक्रम का उदघाटन करते हुए कहा कि अब समय बदल रहा है, साथ ही लोगो की मानसिकता भी बदली है, जो लोग बच्चों से नृत्य गीत करवाना बुरी बात मानते थे, अब वे भी अपने बच्चों को इस फील्ड में प्रोत्साहित कर रहे है। झारखंड सरकार भी इसे प्रोत्साहित कर रही है यह अच्छी बात है।

कार्यक्रम के राज्य स्तरीय संयोजक चंद्रदेव सिंह ने कहा कि सरकार प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच देना चाहती है, इसलिए यह आयोजन करवा रही है। उन्होंने बताया कि प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कलाकारों में से हर जिला से प्रथम स्थान प्राप्त कलाकारों को रांची में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने एक मौका मिलेगा।

इस प्रतियोगिता में गीत के निर्णायक में असलम अली व माधवी कुमारी थी, जबकि नृत्य के निर्णायक मंडली में कौशल सर्राफ, राकेश नायक और दिव्या कुमारी शामिल थी। कार्यक्रम का संचालन सैकत चटर्जी ने किया।

ये रहे विजेता

गीत के जूनियर वर्ग में पलामू से आकांक्षा कुमारी, गढ़वा से श्वेता कुमारी व लातेहार से सुमित्रा कुमारी, सीनियर वर्ग में पलामू से अलीमा अंजुम, गढ़वा से प्रियंका कुमारी प्रथम स्थान पर रहे। नृत्य के जूनियर वर्ग में पलामू से श्रीजिता कुमारी, गढ़वा से खुशी कुमारी, लातेहार से जोया परवीन, सीनियर वर्ग में पलामू से प्रियांशु कुमारी, गढ़वा से सुनैना कुमारी, लातेहार से संध्या कुमारी को प्रथम पुरस्कार दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *