मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन, पूरे प्रदेश में शोक की लहर, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने किया शोक व्यक्त
झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की मां रूपी सोरेन का आज निधन हो गया। वो पिछले कई दिनों से बीमार थी और रांची के एक अस्पताल में भर्ती थी। जहां उनका इलाज चल रहा था। अपनी मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दो पंक्तियां एक्स पर लिखी, जो उनके दर्द को बयां कर रहा है। मुख्यमंत्री ने लिखा कि बाबा के जाने के बाद मां ही उनकी सबसे बड़ी छांव थीं। आज वह छांव भी प्रकृति की गोद में समा गयीं।
इधर हेमन्त सोरेन की मां के निधन की खबर पूरे प्रदेश में जंगल में आग की तरह फैल गई। सभी ने इस दुख भरे समाचार को सुनकर अपनी संवेदना व्यक्त की। पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपनी-अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। ज्ञातव्य है कि लगभग एक वर्ष पूर्व ही मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को खोया था और आज उनकी मां का भी निधन हो गया।
इसी बीच विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की मां के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। भाजपा नेताओं ने रूपी सोरेन के निधन को मुख्यमंत्री परिवार के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन अत्यंत दुखद है। हाल ही में गुरुजी का निधन और अब उनकी धर्मपत्नी का निधन होना, वाकई सोरेन परिवार के लिए काफी पीड़ादायक है। उन्होंने ईश्वर से पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों एवं शुभचिंतकों को इस कठिन घड़ी में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी के निधन की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है। इस दुःख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चम्पाई सोरेन, मधु कोड़ा, डॉ प्रदीप कुमार वर्मा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी एवं संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र कुमार राय, दिनेशानंद गोस्वामी एवं यदुनाथ पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, दिनेश उरांव, नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, सीपी सिंह, नवीन जयसवाल, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, शैलेंद्र सिंह, सरोज सिंह, सुनीता सिंह, अमरदीप यादव, कृष्णा महतो, अमित सिंह, मनीर उरांव, शालिनी बैसिखियार, दीपक बंका, कार्यालय मंत्री हेमन्त दास, सूरज चौरसिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी, सीमा सिंह, मनोज महतो वाजपेयी, शशांक राज, सन्नी टोप्पो, अर्जुन सिंह, रंजय भारती, ताजदार आलम, अमित मंडल, रणधीर सिंह, अभय सिंह, शोभा यादव, मृत्युंजय शर्मा, अजय शाह अशोक बड़ाईक, अजय राय, सतीश सिन्हा, तारिक इमरान,रमेश सिंह ,नीरज सिंह, सूरज शाहदेव सहित अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शोक संवेदना व्यक्त किया है।
आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन पर गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की है। श्री महतो ने कहा कि श्रीमती रूपी सोरेन जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। उनके निधन से झारखंड ने एक मातृशक्ति को खो दिया है। यह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी एवं उनके पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी रूपी सोरेन के निधन पर जदयू विधायक सरयू राय ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने यहां जारी शोक संदेश में दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की। सरयू राय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पूजनीया माताजी के निधन की सूचना बेहद मर्माहत करने वाली है। उन्होंने एक सफल और सार्थक जीवन जिया तथा अपने पीछे भरा-पूरा परिवार और मातृवत् स्नेह पाने वाले हजारों लोगों की विरासत छोड़ी है। उन्होंने कहा कि दिवंगत माताजी का स्नेह और व्यक्तित्व हमेशा लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगा।
