रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद, एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र की शिवपुरी कॉलोनी स्थित न्यू पुलिस लाइन में आवास का ताला तोड़कर बिजली के सामान की चोरी के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, तीन सितंबर 2026 को शैलेश कुमार सिंह ने सुखदेवनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त की रात उनके आवास क्वार्टर संख्या 7/11 का ताला तोड़कर चोर दो बंडल बिजली के तार, तीन सीलिंग पंखे, सात ट्यूब लाइट, 10 बल्ब और पांच बोर्ड चोरी कर ले गए।
शिकायत के आधार पर सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 303/26, दिनांक 03.09.2026, धारा 331(4)/305(ए) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने राहुल कुमार सिन्हा उर्फ रबाडा (23) और गोलू कुमार निषाद (19) को गिरफ्तार किया। दोनों शिवपुरी, रातू रोड क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर तीन पुराने सीलिंग पंखे, करीब एक किलो जला हुआ कॉपर तार, टूटा हुआ बोर्ड-स्विच कवर और सीलिंग पंखे के छह डैने बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए बल्ब और ट्यूब लाइट भागने के दौरान टूट गए थे, जिन्हें आरोपियों ने फेंक दिया।
वहीं, चोरी किए गए दो बंडल बिजली के तार को जलाकर उसमें से कॉपर वायर निकाल लिया गया था। गिरफ्तार आरोपी राहुल कुमार सिन्हा उर्फ रबाडा का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 434/25, दिनांक 15 अगस्त 2025, धारा 309(4)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।
