झारखण्ड के नगर विकास आदि मंत्रालयों को संभाल रहे मंत्री एवं झामुमो के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू का निधन, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उनकी स्मृतियों को याद कर, उन्हें श्रद्धांजलि दी
झारखण्ड के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग आदि मंत्रालयों को देख रहे मंत्री, गिरिडीह के झामुमो विधायक एवं झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता तथा अपने वक्तव्यों से हमेशा विपक्षियों को चित कर देने वाले सुदिव्य कुमार सोनू का देर रात निधन हो गया। उनके निधन की खबर आते ही, पूरे राज्य में शोक की लहर है। उनके चाहने वाले उनके साथ जुड़ी स्मृतियों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन उनके निधन पर अत्यंत दुखी है। इस दुखद समाचार को सुनने के बाद वे सोशल साइट पर लिखते है कि “देर रात अपने बड़े भाई, हमारे प्रिय सुदिव्य कुमार सोनू जी के निधन का दुःखद समाचार मिला। इस खबर को स्वीकार कर पाना मेरे लिए बेहद कठिन है। सोनू भैया का जाना मेरे जीवन में ऐसी रिक्तता छोड़ गया है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं।
सोनू भैया मेरे लिए सिर्फ एक वरिष्ठ साथी या राजनीतिक सहकर्मी नहीं थे। वे बड़े भाई की तरह थे – स्नेह देने वाले, मार्गदर्शन करने वाले और हर कठिन समय में मजबूती से साथ खड़े रहने वाले। उनके साथ बिताए पल और उनसे मिली सीख हमेशा मेरे साथ रहेंगी। झारखंड आंदोलन के दौर से ही वे स्मृति-शेष बाबा दिशोम गुरुजी के साथ पूरी निष्ठा और मजबूती से खड़े रहे।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के एक समर्पित सिपाही के रूप में उन्होंने अपना पूरा जीवन झारखंड की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई को समर्पित किया। झारखंडियत के प्रति उनका समर्पण और उनकी जुझारू भावना हमेशा याद की जाएगी। आज उन्हें याद करते हुए मन बार-बार यही सोचता है कि ज़िंदगी कितनी क्षण भंगुर है। कल तक जो आवाज़ हमारे बीच थी, आज वह सिर्फ स्मृतियों में रह गई है।
सोनू भैया, आपका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। आपकी कमी हमेशा महसूस होगी। आपके स्नेह, आपके संघर्ष और झारखंड के लिए आपकी प्रतिबद्धता को मैं जीवन भर अपने साथ लेकर चलूंगा। आप हमेशा याद आएंगे भैया…”
