राजनीति

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बेलपहाड़ी में पहाड़िया जनजातीय समुदाय के लोगों से की मुलाकात, मतदाता सूची के दावा-आपत्ति में आ रही कठिनाइयों को जाना

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने साहेबगंज जिले के पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बरहड़वा प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव बेलपहाड़ी का दौरा कर पहाड़िया जनजातीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के दावा-आपत्ति एवं सुनवाई की प्रक्रिया में समुदाय के लोगों को आ रही कठिनाइयों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि क्षेत्र के दूर-दराज एवं दुर्गम इलाकों में जनजातीय समुदाय की कई बस्तियां हैं। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मतदाता सूची से संबंधित कार्यों एवं सुनवाई के लिए प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने में कठिनाई होती है। इसलिए निर्वाचन से जुड़े अधिकारी संवेदनशीलता के साथ स्थानीय स्तर पर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करें, ताकि दूरी अथवा अन्य व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

के. रवि कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनजातीय समुदाय के लोगों से संबंधित जो दस्तावेज प्रखंड कार्यालय अथवा प्रशासनिक अभिलेखों में उपलब्ध हैं, उनका आवश्यकतानुसार मिलान करते हुए निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी स्तर पर होने वाली सुनवाई में पात्र भारतीय नागरिकों को नियमानुसार आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। उपलब्ध सरकारी अभिलेखों एवं दस्तावेजों का समुचित सत्यापन किया जाए, जिससे पात्र नागरिकों को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को ऐसे क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार स्थानीय स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने तथा पात्र नागरिकों को दावा-आपत्ति, दस्तावेज सत्यापन एवं ERO सुनवाई की प्रक्रिया के संबंध में समुचित जानकारी देने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पात्र नागरिकों के लिए सुगम एवं सुलभ बनाना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *