विद्रोही24 ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित की भाषण प्रतियोगिता, अंजलि केसरी को मिला अरुण श्रीवास्तव अवार्ड
रांची के किशोरगंज स्थित एल पी पब्लिक स्कूल में विद्रोही24 ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की। भाषण प्रतियोगिता का विषय था – राष्ट्र निर्माण में भारतीय महाकाव्यों की भूमिका। इस भाषण प्रतियोगिता में एल पी पब्लिक स्कूल में नवम एवं दशम वर्ग में पढ़नेवाले करीब 26 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। जिसमें दशम वर्ग की अंजलि केसरी सर्वश्रेष्ठ वक्ता घोषित हुई और प्रथम स्थान प्राप्त किया।
दूसरे स्थान पर दशम वर्ग के ही प्रिंस कुमार और तृतीय स्थान पर नवम वर्ग की अंजलि कुमारी रही। प्रथम स्थान पर रहनेवाली अंजलि केसरी को अरुण श्रीवास्तव अवार्ड, प्रिंस कुमार को शारदा अवार्ड और अंजलि कुमारी को प्रसन्ना अवार्ड प्राप्त हुआ। ज्ञातव्य है कि अरुण श्रीवास्तव अवार्ड प्राप्त करनेवाले को इसमें पांच हजार रुपये, शारदा अवार्ड प्राप्त करनेवाले को तीन हजार तथा प्रसन्ना अवार्ड प्राप्त करनेवाले को दो हजार रुपये दिये जाते हैं। साथ ही तीनों को अलग से प्रशस्ति पत्र भी दिये जाते हैं।

आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार विनय वर्मा रहे। जिनके हाथों इन तीनों बालक-बालिकाओं को नकद राशि व प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार विनय वर्मा ने बच्चों को भारतीय महाकाव्यों में उद्धृत कथाओं के माध्यम से चरित्र निर्माण पर ज्यादा जोर देने पर ध्यान देने को कहा, ताकि उनके माध्यम से समाज और देश दोनों को भला हो सकें। एल पी पब्लिक स्कूल के सचिव जितेन्द्र पाठक ने बच्चों को बताया कि आज जो भाषण का विषय रखा गया, उसके मूल में राष्ट्र भक्ति हैं। उन्होंने सभी बच्चों से चरित्र निर्माण पर ध्यान देने को कहा।
