रांची के बुंडू में अवैध प्रेम संबंध में पति की हत्या का खुलासा, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
बुण्डू थाना क्षेत्र के सुमानडीह स्थित महादेवटांड़ जंगल में 19 जून 2026 को बरामद अधजले और सिर कटा अज्ञात शव मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी एवं उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर मृतक का कटा हुआ सिर, हत्या में प्रयुक्त चापड़, एक ऑल्टो कार, दो मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, बुण्डू थाना कांड संख्या-47/26 दिनांक 19 जून 2026, धारा 103(1)/238/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। 19 जून को ग्राम सुमानडीह के समीप महादेवटांड़ जंगल-झाड़ी से लगभग 25-30 वर्षीय अज्ञात युवक का अधजला एवं सिर कटा शव बरामद हुआ था। शव के दाहिने हाथ की कलाई पर “Sanjoy Raj @ Pal” गोदना अंकित था। प्रथम दृष्टया प्रतीत हुआ कि अपराधियों ने पहचान और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बुण्डू के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान शव की पहचान संजय लोहरा (27 वर्ष), निवासी मांझी टोला, थाना तमाड़, जिला रांची के रूप में हुई। तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 6 जुलाई 2026 को मामले के कथित मास्टरमाइंड रमन कुमार सेठ तथा मृतक की पत्नी सुबोधनी देवी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों की निशानदेही पर तमाड़ थाना क्षेत्र के सुंदरडीह स्थित रानी वन जंगल में जमीन में गाड़कर रखा गया मृतक का कटा हुआ सिर दंडाधिकारी एवं एफएसएल टीम की उपस्थिति में बरामद किया गया। इसके अलावा हत्या में प्रयुक्त चापड़ तथा घटना में इस्तेमाल की गई ऑल्टो कार भी जब्त कर ली गई।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपितों ने स्वीकार किया कि दोनों के बीच पिछले लगभग दो वर्षों से अवैध प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी मृतक संजय लोहरा को हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद सुबोधनी देवी ने अपने प्रेमी तथा उसके साथियों के साथ मिलकर संजय लोहरा की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को सुबोधनी देवी ने अपने पति को सोनाहातु थाना क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में चलने का बहाना बनाया। दोनों मोटरसाइकिल से निकले। रास्ते में आड़िया सतिया नदी के समीप उसने शौच जाने का बहाना बनाकर मोटरसाइकिल रुकवाई। इसी दौरान उसका प्रेमी और उसके अन्य साथी ऑल्टो कार से वहां पहुंचे और कथित रूप से लाठी से पीट-पीटकर संजय लोहरा की हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को ऑल्टो कार से बुण्डू थाना क्षेत्र के महादेवटांड़ जंगल ले जाकर फेंक दिया गया। आरोप है कि पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव का सिर धड़ से अलग कर दिया गया, धड़ पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई तथा सिर को तमाड़ थाना क्षेत्र के सुंदरडीह स्थित रानी वन जंगल में गाड़ दिया गया। वहीं मृतक की मोटरसाइकिल को तमाड़ थाना क्षेत्र के बबईकुढ़ी के पास छोड़ दिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध विधिसम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं एवं अन्य संभावित आरोपितों की संलिप्तता को लेकर अनुसंधान जारी है।
