रांची के कुसई चौक में अवैध जुआ अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, 10 जुआरी गिरफ्तार
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर डोरंडा थाना क्षेत्र के कुसई चौक स्थित एक मकान में चल रहे अवैध जुआ अड्डे पर पुलिस ने छापेमारी कर 10 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, कुसई चौक स्थित सच्चिदानंद स्कूल के आगे एलबेस्टर के मकान में लंबे समय से अवैध जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं पुलिस उपाधीक्षक हटिया के निर्देश पर डोरंडा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने उत्तम महतो, बिट्टू तिर्की, अजय तिर्की, विजय तिर्की, राहुल कच्छप, जेवियर लकड़ा, शुभम कुमार, परवीन कुमार साहू, अवधेश पांडेय तथा संजीत कुमार राम को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 53 हजार रुपये नकद, ताश की गड्डियां, 6 मोबाइल फोन तथा एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की। बरामद सभी सामानों को विधिवत जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
