मात्र तीन हजार कार्यकर्ताओं के साथ दीपक प्रकाश हेमन्त सरकार को सत्ता से हटाने के लिए रांची की सड़कों पर उतरें

मात्र तीन हजार कार्यकर्ताओं के साथ दीपक प्रकाश हेमन्त सरकार के खिलाफ आंदोलन करने के लिए हेमन्त सरकार को सत्ता से हटाने के लिए सड़कों पर उतरें। हालांकि कार्यकर्ताओं की संख्या तीन हजार से भी कम थी, पर एक भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता ने हमसे बातचीत में कहा कि उसे लगता है कि तीन हजार कार्यकर्ता जरुर होंगे, मैंने उसकी बात मानते हुए, यह शीर्षक लगा दी।

चलो तुम ही सही, पर भाजपा के स्वयंभू दिग्गज नेता कहलानेवाले, स्वयं को महान घोषित करवाकर राज्यसभा में पहुंच जानेवाले नेता दिल पर हाथ धर कर बता दें कि क्या उनकी हैसियत बस इतनी ही रह गई है, ऐसे में वे सचमुच हेमन्त सरकार को हटा देंगे या हेमन्त सरकार को बताने गये है कि हमारी इतनी ही ताकत है, आप इसका आकलन कर लो, मेरी हैसियत देख, अपनी मजबूती का ऐहसास कर लो। जरा देखिये भाजपा द्वारा जारी विज्ञप्ति और उसमें नेताओं के नाम और पता लगाइये कि इतने स्वघोषित महान भाजपा नेताओं के पास आज उनके बुलावे पर कितने कार्यकर्ता उनके ही द्वारा घोषित आंदोलन में भाग लेने के लिए पहुंच रहे हैं।

भाजपा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया जाता है कि आज के इस आक्रोश प्रदर्शन में भाजपा झारखंड प्रदेश के महामंत्री सह राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू, महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय, रांची के सांसद संजय सेठ, प्रदेश के मंत्री सह हटिया के विधायक नवीन जायसवाल, सुबोध सिंह गुड्डू, काजल प्रधान, महानगर अध्यक्ष के के गुप्ता, रांची ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुरेंद्र महतो, कांके के विधायक समरी लाल, रांची महानगर के डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, इस कार्यक्रम के प्रभारी मनोज कुमार सिंह, हेमन्त दास, प्रदीप सिन्हा, राहुल अवस्थी, योगेंद्र प्रताप सिंह, सूरज शाहदेव, पवन साहू, शोभा यादव, डॉ सीमा सिंह, सुचिता सिंह, बिनोद सिंह, ललित ओझा, अमरनाथ चौधरी, सुनीता सिंह, सहित हजारों कार्यकर्ता एवम जनता प्रदर्शन में शामिल थे, पर सच्चाई क्या है?

इतने नेता भी मिलकर दो हजार से भी ज्यादा कार्यकर्ता आंदोलन में नहीं ला पाते, सभी हाथ डुलाते झकास वस्त्र धारण कर इस प्रकार के आंदोलन में भाग लेते हैं, शायद उन्हें पता है कि इस प्रकार के आंदोलन से मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सरकार की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ता। अंत में भाजपा का प्रेस विज्ञप्ति पढ़कर आप स्वयं निर्णय लें कि सच्चाई क्या हैं, हालांकि जो भाजपावाले अपनी ओर से हेडिंग देते हैं, उसे आप प्रेस विज्ञप्ति में ढुंढेंगे तो वह भी नहीं मिलेगा, ठीक उसी प्रकार जैसे इनके आंदोलन से जनता…।

प्रेस विज्ञप्ति में भाजपाइयों द्वारा हेडिंग दिया गया था – अली बाबा चालीस चोर वाली सरकार है झारखण्ड की हेमन्त सरकार, पर जब हमने पूरा प्रेस विज्ञप्ति पढ़ा तो पता चला कि इसमें ऐसी बात तो कही लिखी ही नहीं हैं, तो क्या प्रेस विज्ञप्ति बनानेवाले ने अपने से ऐसी हेडिंग दे दी। जरा आप खुद देखिये, ये हैं प्रेस विज्ञप्ति…

बर्बाद गुलिस्तां करने को बस एक ही उल्लू काफी है, यहां तो हर शाख पे उल्लू बैठें हैं, अंजाम ऐ गुलिस्तां क्या होगा? किसी भी राज्य को बर्बाद करने के लिए एक भ्रष्ट मंत्री ही काफी होता है लेकिन इस राज्य की सत्ता में  शामिल हर नेता भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हुए है। ये मिलकर झारखंड को लूट रहे है। राज्य के हर विभाग में भ्रष्टाचार की कालिख है। ये बातें झारखण्ड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने रांची ग्रामीण जिला एवम महानगर जिला के सयुंक्त तत्वाधान में हेमन्त हटाओ, झारखंड बचाओ आक्रोश प्रदर्शन सभा को सम्बोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि राज्य में बालू, कोयला, पत्थर सहित अन्य खनिज सम्पदाओं की लूट मची हुई है। सरकार में शामिल लोग इस लूट में शामिल हैं। कभी नही सुना था कि पानी के जहाज से बालू और पत्थर झारखंड में ढोया जाता था, लेकिन इस सरकार में यह भी देखने को मिला। श्री प्रकाश ने हेमन्त सोरेन के द्वारा ईडी का सामना करने के बाद दी जा रही बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री ऐसा व्यवहार कर रहे हैं जैसे देश की आजादी हेतु 1857 की लड़ाई लड़ कर आये हो या फिर जनता की हित मे कोई बड़ा काम करके आये हो। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि हेमन्त सोरेन जी आप भ्रष्टाचार के आरोप में ईडी का सामना किये है कोई यशस्वी काम नही किये है। आज आपके आपके साथी जेल में है।

श्री प्रकाश ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की हेमन्त सोरेन की सरकार को राज्य की विकास से कोई लेना देना नही है। जनहित का कोई काम नही हो रहा है। बिजली की स्थिति चरमराई हुई है। राज्य की जनता को 6 से 7 घंटे ही बिजली मिल रही है। सड़कें टूटी हुई हैं। कोई देखने वाला नही हैं। लोगो को पेयजल नही मिल पा रहा है। इस सरकार को इससे कोई लेना देना नही है। सरकार राज्य को सिर्फ लूटने में व्यस्त है।

श्री प्रकाश ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल है। रोज  दिन यहां हत्या हो रही है, महिलाओं के साथ अत्याचार और दुष्कर्म जैसी जघन्य घटनाएं घटित हो रही है। राज्य में जंगल राज कायम हो चुकी है। आज यहां कोई सुरक्षित नही है। थाना और ब्लॉक में कोई भी काम बिना पैसे के नही होता है। पुलिस अपराध को कम करने के बजाए अवैध वसूली में व्यस्त है। कोई शिकायत करने अगर पुलिस के पास जाता है तो पुलिस उसे ही झूठे मुकदमे में फंसा देती है।

श्री प्रकाश ने राज्य सरकार पर पिछड़ा विरोधी आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार पिछड़ों की हितैषी बनती है लेकिन जब पिछड़ों को उनका हक और अधिकार देने की बारी आती है तो सरकार पीछे हट जाती है। अभी हाल ही में राज्य में पंचायत चुनाव हुए उस चुनाव में पिछड़ों को 27 प्रतिशत की आरक्षण नही दी गयी। अब नगर निकाय का चुनाव होना है इस चुनाव में भी पिछड़ों को राज्य के मुख्यमंत्री ने धोखा देने का काम किया। श्री प्रकाश ने राज्य की हेमन्त सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने राज्य की जनता में होल्डिंग टैक्स,वाटर कनेक्शन चार्ज में वृद्धि कर बोझ डालने का काम की है।

श्री प्रकाश ने कहा कि राज्य की हेमन्त सोरेन की सरकार तुष्टीकरण की नीति पर काम कर रही है। समाज मे जो समरसता कायम थी उसे तोड़ने का काम कर रही है। एक विशेष समुदाय को खुश करने के लिए यह सरकार सरकारी स्कूलों में शुक्रवार को छुट्टी घोषित करती हैं। कभी विधानसभा में नमाज कक्ष का आवंटन करती है। यह सरकार एसटी और एससी विरोधी सरकार है। एसटी छात्रों को मिलने वाली छात्रवृति आज नही मिल रही है।

सभा को रांची के भाजपा विधायक सीपी सिंह ने राज्य की कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में दिनदहाड़े हत्या हो जाती है और पुलिस अपराधी को न पकड़ कर ठेले और खोमचे वालों को परेशान करती है। राज्य सरकार घोटालों की इतिहास रच रही है। सिर्फ एक जिले में 1000 करोड़ की घोटाला पकड़ा जाता है तो अनुमान लगाइये पूरे राज्य में कितना घोटाला हुआ होगा। उन्होंने कहा कि राज्य को लालू ने लूटा था इसलिए हेमन्त सोरेन भी लूट रहे है, लूटने की आजादी है यहां।