क्या झारखण्ड विधानसभाध्यक्ष प्रभात खबर और दैनिक जागरण के संपादकों से स्पष्टीकरण मांगेंगे कि उन्होंने विधानसभा की कार्रवाई से संबंधित समाचारों को भ्रामक और मनमाने ढंग से क्यों छापा?
25 नवम्बर 2026 को सदन में विशेष गहन पुनरीक्षण अर्थात् एसआईआर पर जब पक्ष और विपक्ष ने चर्चा कर ली। उसके बाद स्पीकर रबीन्द्र नाथ महतो इस संबंध में राजकीय संकल्प को पारित कराने में लग गये। उन्होंने कहा – प्रश्न यह है कि भारत निर्वाचन आयोग ईसीआई द्वारा चलाई जा रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर की प्रक्रियागत दुरुहता के कारण मतदाताओं को हो रही परेशानियों से भारत निर्वाचन आयोग एवं सक्षम प्राधिकार को अवगत कराने संबंधी संकल्प संख्या 1271 दिनांक 23 नवम्बर 2026 को पारित कर भेजने हेतु सभा की सहमति हो।
जो इसके पक्ष में हैं वो हां कहें। जो इसके विपक्ष में हैं, वो ना कहे। मैं समझता हूं कि पक्ष में बहुमत है। पक्ष में बहुमत है। यह प्रस्ताव स्वीकृत हुआ। माननीय सदस्यगण सभा की कार्रवाई गुरुवार दिनांक 26 नवम्बर 2026 के 11 बजे पूर्वाह्न तक के लिए स्थगित की जाती है। अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने प्रस्ताव पारित करने/कराने के समय कही भी भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने का नाम नहीं लिया।
लेकिन रांची से प्रकाशित दो प्रमुख अखबारों ने भयंकर गलतियां कर दी और अपने अखबार के प्रथम पृष्ठ पर ऐसी झूठी खबर प्रकाशित कर दी, जो यहां चर्चा का विषय बन गई। ये दो अखबारें थी – खुद को अखबार नहीं आंदोलन माननेवाला प्रभात खबर और दूसरा अखबार था – दैनिक जागरण। इन दोनों अखबारों ने क्या हेडिंग दी। उसे देखा जाये। 26 नवम्बर 2026 को प्रभात खबर ने हेडिंग दी – विधानसभा ने पास किया सीइसी को हटाने का प्रस्ताव, केन्द्र को भेजा जायेगा। दैनिक जागरण ने लिखा- झारखण्ड विधानसभा ने एसआइआर पर रोक व ज्ञानेश को हटाने का प्रस्ताव किया पारित।
इतनी बड़ी गलतियां होने/करने के बावजूद, इन दोनों अखबारों ने शायद ही झारखण्ड विधानसभा से माफी मांगी हो या आम पाठकों से माफी मांगी हो। लेकिन जब विद्रोही24 ने झारखण्ड विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार से आज 27 नवम्बर को मोबाइल फोन से यह पूछा कि क्या इन अखबारों ने जो कल 26 नवम्बर को जो गलत खबर छापी है, वो सही है? क्या सही मायनों में अध्यक्ष ने 25 नवम्बर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव पारित किया था?
प्रभारी सचिव रंजीत कुमार का कहना था कि उन्हें यह पता नहीं हैं। देखकर बतायेंगे। विद्रोही24 ने कहा कि कब बतायेंगे? उनका जवाब था कि दो-तीन घंटे बाद बतायेंगे। मतलब कितना दुर्भाग्य है इस राज्य का, कि विधानसभा के प्रभारी सचिव को भी पता नहीं है कि अध्यक्ष ने क्या प्रस्ताव पारित किया था? जबकि प्रस्ताव जब पारित हो रहा था तब वे खुद विधानसभा में मौजूद थे। उक्त प्रस्ताव पर स्वयं प्रभारी सचिव के हस्ताक्षर है।
अब आगे देखिये। कभी प्रभात खबर के स्थानीय संपादक रह चुके विजय पाठक ने प्रभात खबर में हुई इस गलती को सोशल साइट के माध्यम से रखा। विजय पाठक ने इस गलती को रेखांकित करते हुए लिखा कि गुरुवार रात कई सामाजिक समारोहों में था। कई लोगों से मिलना हुआ। विधानसभा के एक अधिकारी ने मिलते ही कहा, आपके अखबार में ऐसी गलती कैसे हो जाती है। मैंने पूछा – क्या हुआ। तो उन्होंने कहा, फ्रंट पेज की लीड खबर देखे हैं, मैंने हां कहा। तो उनका कहना था कि विधानसभा ने सीईसी को हटाने का कोई प्रस्ताव पास नहीं किया, आपके अखबार में यह छपा है। संकल्प देखा है आपने? मैंने उन्हें बताया। मैं प्रभात खबर के सिस्टम से बाहर आ गया हूं। पर आपका संदेश पहुंच जायेगा। मैं जानता हूं इस पोस्ट के लिए मेरी आलोचना होगी। इसके बावजूद आग्रह, कृपया इसे पॉजिटिव लें। थोड़ी सावधानी जरूरी है।

मतलब जहांपनाह ने तो स्वीकार किया कि उनकी आलोचना होगी। उसके बाद भी उन्होंने अपनी स्वभावानुसार उक्त पोस्ट को जल्द ही डिलीट कर दी। शायद हो सकता है कि उन पर दबाव आया हो या इनका जमीर जागा हो कि भाई, जिस अखबार में जिंदगी भर काम किया। उसकी रोटी तोड़ी, उसके खिलाफ लिखना सही नहीं होगा और उन्होंने डिलीट कर दिया। इसके पूर्व भी जहांपनाह ने कांग्रेसियों पर एक पोस्ट की थी, जब कांग्रेसियों ने अपने कड़े तेवर किये तो उस वक्त भी उन्होंने उक्त पोस्ट को डिलीट कर दिया था।
अब सवाल उठता है कि झारखण्ड विधानसभा से विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजकीय संकल्प पारित करा लिये गये, उस संकल्प में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाने के संबंध में कोई प्रस्ताव पारित नहीं किया गया। जो राजकीय संकल्प सदन में पढ़े गये, उसमें भी इस विषय का जिक्र नहीं है। ऐसे में स्पष्ट है कि दोनों समाचार पत्रों ने असत्य और भ्रामक खबरें छापी। विधानसभा की कार्रवाई को गैर-जिम्मेदाराना ढंग से प्रस्तुत किया। ऐसे में क्या विधानसभाध्यक्ष इन दोनों अखबारों पर कार्रवाई करेंगे? क्या विधानसभाध्यक्ष इन दोनों अखबारों के संपादकों से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगेंगे? फिलहाल जो व्यक्ति संवैधानिक मूल्यों में विश्वास रखता है, उनका ध्यान तो स्पीकर की ओर ही है, कि वे इस मामले में क्या एक्शन लेते हैं?
