शहीद सोबरन मांझी के बलिदान व संघर्ष को व्यर्थ नहीं जाने देना है, उनके सपनों का झारखण्ड बनाना हैः हेमन्त सोरेन
राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज रामगढ़ के नेमरा स्थित लुकैयाटाड़ गांव में थे। यह गांव उनके जीवन से जुड़ा है। जब वे वहां थे, तब उन्होंने अपना संस्मरण सोशल साइट के माध्यम से लोगों के बीच रखा। उनके शब्दों में, आज रामगढ़ के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन सोरेन (सोबरन मांझी) के 69वें शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने का अवसर मिला। यह उनके लिए केवल एक श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि उस संघर्ष, साहस और स्वाभिमान को स्मरण करने का दिन है, जिसकी नींव पर आज का झारखंड खड़ा है।
शहीद सोबरन मांझी की शहादत ने अन्याय और सामंती शोषण के विरुद्ध संघर्ष की जो चिंगारी जलाई, उसे दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी ने जन-आंदोलन का स्वरूप दिया। इसी संघर्ष की विरासत ने झारखंड राज्य के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। आज वे जो कुछ भी हैं, वह उनके पुरखों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।
एक समय था जब आदिवासी-मूलवासी समाज को अपनी बात रखने तक का अधिकार नहीं था। आज उसी समाज के लोग पूरे स्वाभिमान और निर्भीकता के साथ अपनी आवाज उठा रहे हैं। यह बदलाव उनके शहीदों के सपनों और संघर्षों की देन है। मुख्यमंत्री का कहना था कि वे मानते है कि शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब वे उनके सपनों का झारखंड बनाएंगे।
उनका कहना था कि उनकी सरकार गांव-देहात से लेकर शहरों तक हर वर्ग को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आज राज्य की लगभग 50 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह 2,500 की सम्मान राशि दी जा रही है, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें और अपने परिवार की खुशहाली में अपनी भूमिका और मजबूत कर सकें।
उनके सामने चुनौतियां हैं। अपने अधिकारों और संसाधनों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है। लेकिन झारखंड ने कभी अन्याय के सामने घुटने नहीं टेके हैं। जिस तरह लंबा संघर्ष कर हमने अलग राज्य हासिल किया, उसी तरह अपने हक और अधिकार भी लेकर रहेंगे। अब झारखंड के लोगों का शोषण और उनके अधिकारों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
आज की नई पीढ़ी से उनकी अपील है कि वह अपने इतिहास, अपने शहीदों और अपने पुरखों के संघर्ष को जाने। उनकी विरासत को केवल याद न रखे, बल्कि उसे आगे बढ़ाने का संकल्प भी ले। शहीद सोबरन मांझी जी का बलिदान उनकी प्रेरणा है, उनका संघर्ष हमारी विरासत है और उनके सपनों का झारखंड बनाना हमारा संकल्प है।
