स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का एक महिला के साथ अश्लील वार्ता करते हुए विडियो वायरल, भाजपा सांसद निशिकांत ने कहा कांग्रेस के लिए यह घटना डूब मरनेवाली बात

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक व राज्य के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग व आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता का एक महिला के साथ अश्लील वार्ता करते हुए 21 सेंकेंड का विडियो बहुत तेजी से सोशल साइट पर वायरल हो रहा है। यह 21 सेंकेंड का विडियो, लगता है कि बन्ना गुप्ता पर भारी पड़ने जा रहा है।

हो सकता है कि उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ें, क्योंकि दूसरे दलों के नेता नैतिकता के आधार पर उनसे इस्तीफे की मांग करनी शुरु कर दी है। राजनीतिक पंडितों की मानें तो राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन पर भी अब दबाव बनेगा, हो सकता है कि वे स्वयं बन्ना गुप्ता को कहे कि वे मंत्री पद से त्यागपत्र दे दें।

इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व गोड्डा सांसद निशिकांत दूबे ने ट्विट कर कहा है कि “यह है कांग्रेस का चरित्र, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता जी का यह तथाकथित माजरा है। महिलाओं के इज़्ज़त से खेलना, कांग्रेस कार्यकर्ता सुशील शर्मा का अपने पत्नी को तंदूर में जलाना, काश गांधी परिवार समझ पाता, यदि यह सही है तो कांग्रेस के लिए डूब मरने वाली बात है। डा. निशिकांत दूबे ने बन्ना गुप्ता का यह 21 सेंकेंड का विडियो भी ट्विटर पर दे डाला है।

हालांकि यह विडियो व्हाट्सएप, टिव्टर आदि सोशल साइट के माध्यम से खुब वायरल हो रहा हैं, पर ये विडियो बन्ना गुप्ता के मंत्री पद प्राप्त करने के बाद का है या उसके पूर्व का है, ये पता नहीं लग पा रहा है। लेकिन ये विडियो जब भी कभी का है, बन्ना गुप्ता के राजनैतिक कैरियर पर धब्बा लगाने के लिए काफी है। हालांकि यह विडियो इतना गंदा है कि विद्रोही24 उक्त विडियो को अपने पोर्टल पर लगाना उचित नहीं समझता।