अपराध

पेट्रोल छिड़ककर युवक को जिंदा जलाने के प्रयास मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

लोअर बाजार थाना पुलिस ने युवक पर पेट्रोल छिड़ककर जान से मारने की नीयत से आग लगाने के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, लोअर बाजार थाना कांड संख्या 121/2026 (दिनांक 12 जुलाई 2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। यह प्राथमिकी पीड़ित आरिफ उर्फ गुड्डू (21 वर्ष) के बड़े भाई समीर उर्फ सोनू के लिखित आवेदन के आधार पर दर्ज की गई।

आवेदन में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने कांटाटोली चौक के पास आरिफ पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में असलम (43 वर्ष), पिता मोईन खान, निवासी बलदेव सहाय लेन, लोअर बाजार तथा सन्नू उर्फ जुबेरूल कुरैशी (25 वर्ष), पिता नौशाद कुरैशी, निवासी कसाई मोहल्ला, गुड़ी चौक, लोअर बाजार शामिल हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार रजक, पुलिस अवर निरीक्षक सुधीर बाड़ा तथा लोअर बाजार थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *