अपराध

रांची में अवैध हथियार के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार, देशी पिस्टल, दो मैगजीन और तीन गोलियां बरामद

राजधानी रांची में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, तीन जिंदा गोलियां और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अपराधियों में दो एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हुंडरू निवासी हैं, जबकि तीसरा जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चार नवंबर 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पोखरटोली मैदान में दो युवक अवैध हथियार के साथ बैठे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में वरीय पुलिस उपाधीक्षक, हटिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एयरपोर्ट के सामने पोखरटोली मैदान स्थित इमली के पेड़ के पास छापेमारी की और संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस की जांच और कार्रवाई के दौरान कुल तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई। इनके पास से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, तीन जिंदा गोलियां और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।

इस संबंध में एयरपोर्ट थाना कांड संख्या-50/26, दिनांक 04.11.2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/25(6)/26/35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 1. करण गोप उर्फ करण कुमार, पिता स्वर्गीय सुनील गोप, निवासी हुंडरू, थाना एयरपोर्ट, रांची, 2. आदित्य कुमार, पिता राजकुमार साहु, निवासी हुंडरू, थाना एयरपोर्ट, रांची और 3. अभिषेक सिंह उर्फ अभिषेक कुमार उर्फ सुलतान, पिता अभिमन्यु सिंह, निवासी गुरुद्वारा रोड, बीएलडब्ल्यू कॉलोनी, हटिया, थाना जगन्नाथपुर, रांची के रूप में की गई है।

पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार करण गोप उर्फ करण कुमार के खिलाफ डोरंडा थाना में वर्ष 2025 में कांड संख्या 78/25 दर्ज है। वहीं, अभिषेक सिंह उर्फ अभिषेक कुमार उर्फ सुलतान का भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ गोंदा थाना में वर्ष 2017 में कांड संख्या 27/17, जगन्नाथपुर थाना में वर्ष 2021 में कांड संख्या 309/21 तथा वर्ष 2023 में कांड संख्या 493/23 और 525/23 दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, अभिषेक के खिलाफ पूर्व में मारपीट, लूट, रंगदारी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *