जिन्होंने एक माह पूर्व मां गंगा का अपमान किया, महापर्व छठ पर चार दिनों का सात्विक अंक निकालने का ताल ठोक रहे हैं!
जिन्होंने 14 अक्टूबर को मां गंगा का अपमान करने के बावजूद, दूसरे दिन अपने अखबारों के माध्यम से अपने पाठकों से माफी तक नहीं मांगी, क्षमायाचना तक नहीं की। वे छठ महापर्व पर चार दिनों का सात्विक अंक निकालने जा रहे हैं। चलिए, बहुत अच्छी बात है। आप सात्विक अंक निकालने जा रहे हैं। लेकिन ये क्या सात्विकता के साथ जो व्रत कर रहे हैं, उनकी भावनाओं से तो आप मत खेलिये। जब आप उनकी भावनाओं के साथ पहले दिन ही खेलेंगे, तो फिर सात्विकता रही कहां?
आप पर सवाल इसलिए उठेंगे, क्योंकि आपने ताल ठोक कर कहा है कि आप छठ महापर्व पर आज से चार दिन तक सात्विक अंक निकालने जा रहे हैं। ऐसी घोषणा रांची से प्रकाशित होनेवाले अन्य अखबार जैसे प्रभात खबर, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण आदि अखबारों ने नहीं की और न ही इन्होंने आप जैसा प्रथम पृष्ठ छठ महापर्व पर जारी किया और इस प्रकार की ताल ठोकी?
विद्रोही24 का मानना है कि ऐसी घोषणा वहीं करें, जो छठ महापर्व जैसे महापर्व पर गहरी पकड़ रखा हो या जिसे कम से कम थोड़ी बहुत जानकारी अवश्य हो, नहीं तो गलत जानकारी देने से महापर्व को न जाननेवाले या इसके विषय में जानकारी पानेवालों को गलत जानकारी मिलती है और वो अखबारों की ही बातों को सही मानकर, आगे चलकर वे भी महान छठ महापर्व का विशेषज्ञ बनकर वो बातें कहने लगते हैं, जिसका छठ से कोई मतलब ही नहीं रहता और इस प्रकार भ्रांतियों का जन्म होता है।
अब जैसे आजकल एक डायलॉग अखबारवाले या यूटयूबरों का समूह खरना की समाप्ति के बाद खुलकर लिखते और बोलते हैं कि खरना की समाप्ति के साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू। जबकि सच्चाई यह है कि इस व्रत का 36 घंटे से कोई लेना-देना ही नहीं। इस बात को ऐसे समझिये। शरद काल चल रहा है। आजकल सूर्यास्त बहुत जल्द हो जाता है और सूर्योदय देर से होता है। अगर किसी ने पंचमी तिथि को सूर्यास्त होते ही खरना सम्पन्न कर लिया या किसी ने देर रात संपन्न की और सप्तमी के दिन जब सूर्योदय हो रहा हो और दोनों छठव्रतियों ने सूर्योदय होने के बाद देर अंतराल में अर्घ्य दिया हो, तो दोनों के व्रतियों के समय की मापी कैसे होगी?
सप्तमी के दिन सूर्योदय का समय और पंचमी के सूर्यास्त का समय 36 घंटे न होकर ज्यादा हो जाये या कम हो जाये और किसी ने देर से खरना किया और किसी ने जल्द ही अर्घ्य देकर संपन्न किया या किसी ने देर से अर्घ्य दी, उसे भगवान भास्कर के ध्यान करने में ही देर हो गई तो आप इसे 36 घंटे कैसे मापेंगे? मतलब आप अपने ढंग से व्रत और व्रतियों को गाइड करेंगे और कह देंगे कि 36 घंटे का महापर्व होता है।
अब आज का ही दैनिक भास्कर देखिये, जो सात्विक अंक निकाल रहा है। प्रथम पृष्ठ पर लिख रहा है व्रत-नियम व परंपराएं में कि खरना के दिन 24 घंटे के निर्जला उपवास के बाद व्रती गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। अब जरा सोचिये किसी व्रती ने नहाय-खाय के दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठकर नहाय खाय कर विधि-विधान से सुबह के नौ बजे ही प्रथम दिन का व्रत संपन्न कर लिया और दूसरे दिन खरना के दिन रात्रि के सात बजे खरना का प्रसाद ग्रहण किया तो फिर इतने देर का समय 24 घंटे कैसे हुआ? सच्चाई यही है कि इस व्रत को समय के ताले में जो बंद करने की कोशिश हो रही है। वो इसके सात्विकता पर ही प्रश्न चिह्न लगा दे रही है।
एक जगह अखबार ने लिख दिया कि नहाय-खाय के दिन व्रती अरवा चावल, चने की दाल, कद्दू की सब्जी ग्रहण करते हैं। अरे भाई, ऐसा नहीं है। यह मामला पूरी तरह लोकाचार पर निर्भर है। मगध में ही कई इलाकों में अलग-अलग प्रथा है। कहीं-कहीं तो अरवा चावल का भात, चने की दाल और कद्दू की मिक्स दाल, कद्दू या अन्य सब्जियों का बगचा, कोबी-नये आलू-टमाटर आदि जो भी सब्जी बाजार में उपलब्ध हैं, उसकी सात्विकता से सब्जियां बनाई जाती है। छठव्रतियां भगवान भास्कर को निवेदित कर, उसके बाद ग्रहण करती हैं और फिर यही प्रसाद के रूप में सभी लोग ग्रहण करते हैं। कुछ लोग तो इस प्रसाद को भी अपने इष्ट मित्रों के साथ ग्रहण करते हैं। जैसे खरना का प्रसाद इष्ट-मित्रों के साथ ग्रहण करते हैं।
छठव्रतियों व उनके परिवारों से अपील
आप छठव्रत अवश्य करें। लेकिन अखबारों व यू-ट्यूबरों के चक्करों में न पड़ें। अगर इनके चक्करों में पड़ेंगे। तो निःसंदेह आपका व्रत प्रभावित होगा। अच्छा रहेगा कि आप बेकार के पंडितों के चक्कर में भी नहीं पड़ें। क्योंकि आजकल ज्ञान का सर्वथा अभाव है। जिन्हें ज्ञान हैं, वे इन सभी चक्करों में नहीं पड़ते, क्योंकि वे जानते हैं कि जहां इसके चक्कर में पड़ें। मूर्खों का समूह, उन्हें नील जायेगा। इसलिए वे चुपचाप शांत बैठे रहते हैं।
अच्छा रहेगा, जहां आप रहते हैं। जहां आप व्रत करते हैं। उस घर में, आपकी बुढ़ी दादी या पुरनियां होंगी। उनसे इस व्रत के बारे में जानने या समझने की कोशिश करें। वे आपको लोकाचार और इस व्रत के महात्म्य को ज्यादा ढंग से समझायेंगी। यह व्रत पूरी तरह से लोक पर्व है। लोकाचार की इसमें महत्ता है। आप अपने परिवार के बुजुर्गों से पूछिये। वे आपको बेहतर ढंग से समझायेंगे। बतायेंगे और इस प्रकार जब आप व्रत संपन्न करेंगे तो आपको परमानन्द आयेगा। आध्यात्मिकता से ओत-प्रोत होंगे। नहीं तो, जहां अखबार व यू-ट्यूबरों के चक्कर में पड़ें तो आपका व्रत सफल नहीं होगा। ये तो मैं दावे के साथ कह सकता हूं, क्योंकि कई प्रमाण मेरे पास मौजूद है।
