अपनी बात

दो नौकरशाहों की बातचीत की वायरल ऑडियो ने राज्य के कई अफसरों और अखबारों के संपादकों व संवाददाताओं की बेचैनी बढ़ाई

झारखंड की नौकरशाही में कल रात से सोशल मीडिया पर एक वायरल ऑडियो ने तहलका मचाकर रख दिया है। यह ऑडियो एक्स पर पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने पोस्ट की है। उन्होंने राज्य के दो अधिकारियों के बीच की निजी बातचीत के इस तरह रिकार्ड कर लिये जाने को एक ख़तरनाक संकेत बताते हुए न सिर्फ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अलर्ट किया बल्कि एफआईआर कर इसकी जांच कराने की मांग तक कर दी है।

दरअसल कल सबसे पहले इस ऑडियो को लेकर हलचल तब शुरू हुई, जब बाबूलाल मरांडी के सलाहकार सुनील तिवारी ने इस ऑडियो के बारे में पोस्ट किया। पूरे दिन इस ऑडियो की चर्चा चल रही थी कि रात में मरांडी जी ने वो ऑडियो एक्स पर अपलोड कर सनसनी फैला दी। अफसरों मे इस बात को लेकर बेचैनी है कि इस तरह निजी बातचीत तो रिकॉर्ड करने वाला आदतन न जाने किन-किन लोगों के कॉल रिकॉर्ड कर रख लिया होगा?

सुना है कि उस ऑडियो में ( इसकी सत्यता की जांच अभी होनी है) डीजीपी पद पर रहे जिस अधिकारी की आवाज़ बतायी जा रही है, उन्होंने उस ऑडियो से प्रभावित एक पत्रकार को कॉल कर कहा कि “वे तो उसके बारे में ऐसा बोल ही नहीं सकते”। उन्होंने एक तरह से ऑडियो वाली बात को नकारने का प्रयास किया। लेकिन उनकी यह दलील खुद से तब धराशायी हो गई, जब उस ऑडियो के दूसरे पात्र एक प्रमुख अधिकारी ने रात में ही बड़े मार्मिक शब्दों के साथ अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा कि “ न सुनाओ न रिकार्ड करो- विश्वास न बेचो”। इसके बाद तो यह जग ज़ाहिर हो गया कि ऑडियो में सच्चाई तो है ही।

राज्य के दो महत्वपूर्ण अधिकारियों की इस वार्ता की चर्चा पत्रकारिता जगत में भी है। कई पत्रकार अपने सोशल साइट्स पर जमकर लिख रहे हैं। इस वार्ता में राज्य के दो प्रमुख अखबारों में काम करनेवाले सम्पादक और संवाददाताओं की चर्चा भी की गई है। इस चर्चा को सुनने से यह साफ पता लग रहा है कि झारखण्ड के आईएएस व आईपीएस की नजरों में राज्य के प्रमुख अखबारों के सम्पादक और वहां काम करनेवाले संवाददाताओं की क्या हैसियत है?

और वे उनके खिलाफ किस प्रकार का नजरिया रखते हैं और किस प्रकार की टिप्पणी करते हुए अपनी चर्चाओं को आगे बढ़ाते हैं। कई पत्रकारों का तो यह भी कहना है कि अभी तो इस प्रकार की ऑडियो का यह प्रथम संस्करण देखने-सुनने को मिला है। इसके कई संस्करण जल्द ही बाजार में आयेंगे और उसके बाद इस प्रकरण में कितने पत्रकार और नंगे होंगे। कहा नहीं जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *