राजनीति

CEO झारखंड एवं CU के तत्वावधान में 2-3 सितंबर को रांची में आयोजित होगा “मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता पंजी” सम्बंधित विषयक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि आगामी दो से तीन सितंबर 2026 तक रांची में  “मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता पंजी” सम्बंधित विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन कार्यालय झारखंड के साथ सेंट्रल यूनिवर्सिटी झारखंड द्वारा सम्मिलित रूप से इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन को आयोजित किया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी उक्त अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन हेतु वेबसाईट www.icvrvr.org   ब्राउचर लॉन्चिंग एवं सम्मेलन से सम्बंधित विभिन्न रूपरेखाओं पर सोमवार को निर्वाचन सदन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

के रवि कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में आईआईएम, रांची, एनयूएसआरएल, रांची एवं संत जेवियर्स कॉलेज नॉलेज पार्टनर के रूप में जुड़कर सम्मिलित रूप से कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य “मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता पंजी” विषय पर  विभिन्न लोकतांत्रिक देशों एवं देश के विभिन्न  यूनिवर्सिटी, शिक्षाविदों,  निर्वाचन संबंधी मास्टर ट्रेनर के अभिव्यक्तियों को एकत्रित करते हुए एक विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करना है।

विदित हो कि 21 से 23 जनवरी तक भारत निर्वाचन आयोग द्वारा भारत मंडपम में आयोजित IICDEM अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन सम्मेलन 2026 में झारखंड राज्य के द्वारा “मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता पंजी” विषय पर व्याख्यान दिया गया था, जिसकी अन्य देशों से आए चुनाव प्रबंधन निकायों के प्रतिनिधियों द्वारा सराहना की गई थी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में  संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, ट्रेनिंग नोडल देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर, आईआईएम, रांची के असिस्टेंट प्रोफेसर सुभ्रा रजत बलबंतरे, एनयूएसआरएल  रांची के एसोसिएट प्रोफेसर आनंदकुमार आर. शिंदे, एवं संत जेवियर्स कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर बी. के सिन्हा एवं असिस्टेंट प्रोफेसर आशुतोष कुमार पाण्डेय उपस्थित थे।