हेमन्त सरकार आज भी छात्रों के साथ, लेकिन भाजपा छात्रों के कंधों पर बंदूक रखकर कर रही राजनीतिः झामुमो
जेएसएससी सीजीएल विवाद पर अदालत में कमजोर पैरवी के आरोप को खारिज करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शनिवार को भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। झामुमो नेता मिथिलेश ठाकुर और विधायक अनंत प्रताप देव ने भाजपा पर छात्रों के कंधों पर बंदूक रख राजनीति करने का आरोप लगाया है।
मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों के साथ है। युवाओं के हित में 20 परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। इनमें जेपीएससी, सीडीपीओ और फूड सेफ्टी अफसर की परीक्षाएं शामिल हैं। मामले की सीआईडी जांच काफी तेजी से चल रही है। अब तक दो दर्जन से अधिक आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
अदालत में कमजोर पैरवी के आरोप को खारिज करते हुए मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि वरिष्ठ वकीलों ने सरकार का पक्ष मजबूती से रखा। हाईकोर्ट ने मामले में यथास्थिति का आदेश दिया है। इसके अलावा कार्यरत अभ्यर्थियों से अंडरटेकिंग भी ली जा रही है। दोषी पाए जाने पर उनकी नौकरी तुरंत रद्द होगी।
झामुमो ने भाजपा पर बाहरी तत्वों को बुलाने का आरोप लगाया। नेताओं का कहना है कि आंदोलन के लिए भारी फंडिंग की जा रही है। विधायक अनंत प्रताप देव ने कुछ तस्वीरें भी दिखाईं। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन कर रहे कई चेहरे भाजपा के ही कार्यकर्ता हैं। उन्होंने भाजपा नेता भानु प्रताप शाही पर भी सवाल उठाए। नेताओं ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में बड़े सुधार किए जा रहे हैं। आगे से किसी भी परीक्षा में धांधली की गुंजाइश नहीं रहेगी। झामुमो ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे संयम बरतें। छात्र किसी के बहकावे में न आएं और जांच पर भरोसा रखें।
