भाजपा कार्यकर्त्ता को कमजोर समझने की भूल नहीं करे जिला प्रशासन, दबाव की राजनीति का जवाब देना आता है – दिनेश
भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सह मानगो क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता विकास सिंह के आवास पर पिछले दिनों पुलिस द्वारा छापा मारी की गई थी जिस पर भाजपा के स्थानीय नेताओं का कहना है कि जमशेदपुर पुलिस ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सह मंत्री के इशारे पर दबंगई करते हुए रात्रि 12:30 बजे उनके आवास में जबरन घुसने का प्रयास किया।
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार ने मानगो स्थित उनके आवास पर उनकी पत्नी और बच्चों से मुलाक़ात कर आपबीती जानी। विकास की पत्नी ने बताया कि किस प्रकार उस रात वो घर पर बच्चों सहित अकेली थी और किस प्रकार पुलिस द्वारा उनके घर में जबरन घुसने का प्रयास किया गया, घर की बेल लगातार बजाने से शार्ट सर्किट हो गया, दरवाजे की चिट्किनी भी तोड़ दी गई एवं अपशब्द का भी प्रयोग किया गया।
दिनेश कुमार ने प्रशासन द्वारा एक गृहिणी के साथ इस प्रकार के व्यवहार की घोर निंदा की। उन्होंने कहा कि जिस मामले में विकास की गिरफ्तारी के लिए छापा मारा गया वो लगभग 7 वर्ष पुराना केस हैं। विकास सिंह भाजपा नेता के साथ साथ एक सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं जो प्रतिदिन किसी जरूरतमंद की समस्या के निदान के लिए प्रयासरत रहते हैं। एक सजग नागरिक के साथ साथ सबके समस्याओं में खड़े रहते हैं। वे आये दिन पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों से रूबरू होते हैं।
ऐसे में इन सात वर्षों में विकास की गिरफ्तारी क्यों नहीं की गयी। एक आतंकवादी व हत्या का आरोपी को पकड़ने की तरह उनके परिवार के साथ अभद्र व्यवहार क्यों हुआ? किसी बड़े नेता के दबाव में पुलिस को इस प्रकार कार्रवाई नहीं करनी चाहिए थी। जमशेदपुर में विधायको के इशारे पर ही पूरा तंत्र काम कर रहा, दिनेश कुमार ने कहा कि भाजपा कार्यकर्त्ता को कमजोर नही समझे, हमें जवाब देना आता है। मौके पर मुख्य रूप से पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, मंडल अध्यक्ष अमरेन्द्र पासवान, पूर्व मानगो मंडल अध्यक्ष राजेश साव, राकेश कुमार लोधी, संदीप शर्मा, राहुल सिंह, मधु सिन्हा, रविंद्र कौर, छोटे लाल एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।