राजनीति

गिरिडीह में जे पी नड्डा की सभा पर सुप्रियो का बयान, कहा लगता है कि भाजपा की रैली में लोगों को लाने का प्रबंध भी झामुमो को ही करना पड़ेगा

झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के केन्द्रीय महासचिव व केन्द्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने एक बार फिर भाजपाइयों को निशाने पर लिया और जमकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की बखिया उधेड़ी। सुप्रियो ने कहा कि अब तो भाजपाइयों की रैली में भीड़ तक नहीं पहुंच रही हैं, अब लगता है कि उनकी रैलियों में भीड़ पहुंचाने के लिए झामुमो कार्यकर्ताओं को ही कुछ करना पड़ेगा, क्योंकि भाजपा के राष्ट्रीय नेता उनके राज्य में आये और उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो जाये, वे ऐसा होते नहीं देख सकते। सुप्रियो आज रांची में संवाददाता सम्मेलन में कह रहे थे।

सुप्रियो ने कहा कि आज का दिन राज्य के लिए विशेष दिन है, क्योंकि जो युवाओं के लिए बहुत ज्यादा प्रतीक्षित चीजें थी – वो थी सरकारी नौकरी, इसका बड़े पैमाने पर 2500 से भी ज्यादा 2550 झारखण्ड के युवाओं के बीच में आज राज्य सरकार द्वारा नियुक्ति पत्र बांटे गये। दो साल के कोरोना काल के बाद जब सरकार ने काम करना शुरु किया था। ऐसे समय में जो यहां के युवाओं ने दंश यहां झेला था।

उन्होंने कहा कि रघुवर शासन काल के समय संविदा पर नियुक्ति, एक भी जेपीएससी का न होना, इस कलंक को सबसे पहले धोना था। इसके लिए सरकार ने सबसे पहले 2021 के अंत में 24 जिलों में 24 खेल पदाधिकारियों की नियुक्ति के साथ यह प्रक्रिया शुरु की। उसके बाद लगभग 20 वर्षों के बाद 129 कृषि पदाधिकारियों की नियुक्ति, फिर विधि प्रयोगशाला में ग्यारह सालों के बाद हेमन्त सरकार में 37 नियुक्तियां की गई। उसके बाद कार्मिक विभाग द्वारा 252 जेपीएससी से राजपत्रित पदाधिकारियों की नियुक्ति हुई। श्रम विभाग ने शिविर लगाकार 11406 लोगों को निजी क्षेत्रों में नियुक्ति पत्र दिया।

उन्होंने कहा कि 217 आयुष चिकित्सकों की नियुक्ति हुई। रिम्स में ए ग्रेड नर्स 320 पदों पर नियुक्त की गई। जेपीएससी के द्वारा ही 617 सहायक अभियंताओं की नियुक्ति हुई। 32 पशु चिकित्सकों की नियुक्ति हुई। 417 सामुदायिक चिकित्सा पदाधिकारियों की नियुक्ति हुई। सहायक लोक अभियोजकों के रुप में 107 लोगों की नियुक्ति हुई, माध्यमिक विद्यालयों के 3469 शिक्षकों और आज खाद्य आपूर्ति विभाग में एलडीसी पद पर 44, वित्त विभाग में एलडीसी पद पर 166, राजस्व व निबंधन में 707 और पंचायत सचिव के पद पर 1633 लोगों को नियुक्त किया गया।

सुप्रियो ने कहा कि हेमन्त सरकार के गठन के बाद किसी को भी ठग कर संविदा पर नहीं रखा गया। पारा शिक्षकों को सहायक शिक्षक के रुप में मान्यता प्रदान की गई। इस सरकार की उपलब्धि व कोरोना मैनेजमेंनेट से बौखलाई भाजपा बौखलाई हुई दिखाई दे रही है। उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष आज गिरिडीह आये थे। लगता है कि भाजपा ने शर्म, हया, नैतिकता सभी को त्याग दिया।

उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जिनके मणिपुर के 17 विधायकों ने पीएम मोदी को चिट्टी लिखकर बताया कि मणिपुर बर्बाद हो गया। सरकार को बर्खास्त किया जाय। 25 दिन पहले केन्द्र सरकार के केन्द्रीय मंत्री ने लिखा। मणिपुर डूब गया सरकार को बर्खास्त कीजिये, उनका घर जला दिया गया। उसपर नड्डा ने कुछ भी बात नहीं की। दरअसल नड्डा जी को बात करना नहीं आता। वे केवल धर्म और जाति की की बात करते हैं।

सुप्रियो ने कहा कि वे आज दंग रहा गये। जिसका रांची में जीवन बीता, वो इतना बड़ा झूठा कैसे हो सकता हैं। ये तो पूरे रांची के लिए अपमान की बात है। रांची का कोई बच्चा इतना खूले शब्दों में झूठ बोल ही नही सकता, इसलिए शायद उन्हें राची छोड़ना पड़ा। अरे आप बताइये कि नौ साल मे क्या किये? 18 करोड़ की जगह 70 हजार को नौकरी दिये। छह हजार रुपये किसानो के खाते में दिये और उधर यूरिया और खाद से सब्सिडी हटा दिया। उज्जवला योजना के नाम पर सबके घर में दस किलो का एक लोहा वाला भारी डब्बा पहुंचा दिया जो दुबारा रिफिल नहीं हुआ।

सुप्रियो ने कहा कि आदमी में कुछ तो ईमानदारी होना चाहए। वो भी धरती आबा व सिदो कान्हो की धरती पर पारसनाथ की पहाड़ी के तल पर बैठकर, वे ऐसा करते हैं। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का प्रायश्चित का समय है, पर वो समझ नहीं रही। बाहरी घुसपैठ हो रहा है तो आपका गृह मंत्री क्या कर रहा है? परसो आप दिल्ली में थे, दिल्ली की केन्द्र सरकार की दिल्ली पुलिस सरेआम एक घंटे में चार हत्याओं को रोक नहीं पाई। इस पर जवाब दिजीये ला एंड आर्डर की बात करते हैं। आदिवासी लड़कियो के साथ छल हो रहा है और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बेटियों के साथ क्या हो रहा है, सांप सूंघ जाता है, ब्रजभूषण सिंह से। डर से कंपकंपी लगती है, ब्रज भूषण सिंह से। जो अपने सांसद से डरता है, उससे बात नहीं कर पाता, वो झारखण्ड आयेगा, हमलोगों को नसीहत देगा।

सुप्रियो ने कहा कि एक उपाध्यक्ष भी रखा है, जिस झामुमो के लोग उसको भूई दादा कहते हैं, कैसे ये आदमी हाथी उड़ा रहा था, रघुवर उड़ा, झारखण्ड उड़ा। कहता फिरता था। झारखण्ड का दुर्भाग्य है कि जो लोग हेमन्त सोरेन पर आरोप लगा रहे कि वो योग दिवस के एक कार्यक्रम में नहीं गये, पहले वो आयुष विभाग द्वारा छपे निमंत्रण कार्ड को तो देखे कि उसमें राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का नाम है भी या नहीं। सुप्रियो ने कहा कि इसके पहले भी वे बोले थे कि रघुवर दास को कांके रोड से हुआ प्यार जा नहीं रहा।

सुप्रियो ने कहा गिरिडीह में हार का स्वाद चख चुकी भाजपा को, गनीमत था राजधनवार से झूठ बोलकर वे जीत कर आ गये। ऐसे लोगों का जमावड़ा लेकर नड्डा जी कमल खिलाने आये हैं। अब झारखण्ड में भ्रष्टाचार नहीं हैं, कादो नहीं हैं, कि कमल खिलेगा, अब ये जमीन साफ हो चुकी है। यहां भाईचारा का फूल खिलेगा। अपना पहचान तीर-धनुष होगा।

सुप्रियो ने कहा कि स्थिति तो अब ये हो गई है कि भाजपाइयों की रैली में लोग नहीं जुट रहे। आज ही झंडा मैदान में कितने लोग भाषण सुनने पहुंचे थे। पांच जिलों के भाजपाई इस रैली में भीड़ जुटाने के लिए लगे थे, पर पांच हजार लोग भी नहीं पहुंचे। इस स्थिति को देख झामुमो परेशान है। वो नहीं चाहती कि भाजपा का कोई बड़ा नेता उसके राज्य में आये और उसकी रैली में लोग ही नहीं जुटे। अगर भाजपाई कहेंगे तो उनकी रैली में झामुमो के कार्यकर्ता ही थोड़ा मदद कर देंगे और कम से कम दो-ढाई हजार की भीड़ का प्रबंध तो उनके प्रखण्ड के कार्यकर्ता ही करा देंगे।

उन्होंने कहा कि क्या करें खराब लगता है कि अमित शाह को भी कभी चक्रधरपुर में छह घंटा भीड़ के लिए बैठना पड़ा था, ऐसे में इतनी भारी भरकम शरीर को लेकर नड्डा आये और उनकी सभा में चाह हजार आदमी भी नहीं जुट पाये, तो उनकी पार्टी को थोड़ा ठीक नहीं लग रहा। सुप्रियो ने भाजपाइयों से पूछा कि वे उत्तरकाशी क्यों नहीं गये? मणिपुर क्यों नहीं जा रहे? सुप्रियो ने नड्डा को खुली चनौती दी कि आप मणिपुर जाइये, बिहार जाने की जरुरत नहीं, कल बिहार में बाकी लोग जुट रहे हैं। जल्द ही मिजोरम में चुनाव है। वहां पर सब बुद्धि भूला जायेगा।

सुप्रियो ने कहा कि जल्द ही राज्य में जेपीएससी के द्वारा 26 हजार शिक्षकों की बहाली होने जा रही है। ये हमारा कमिटेमेंट हैं, जब काम शुरु किये हैं, तो काम को अंजाम तक हम पहुंचायेंगे। भाजपाइयों ने स्कूल बंद करवा दिया था। स्कूलों को मर्ज करना शुरु किया था, और आज हम आदर्श विद्यालय खोल रहे हैं। कमाल है जो भाजपा के साथ नहीं रहेगा, वे उसका अनाज बंद कर देंगे। कर्नाटक उसका उदाहरण है। अगर झारखण्ड के साथ ऐसा किया गया तो याद रखे। यहां से कोयला, बाक्साइट, लोहा, यूरेनियम, ताम्बा, लोहा भी नहीं ले पायेंगे।