अपनी बात

शर्मनाकः उधर पत्रकार अभिषेक भारती प्रकरण पर एक राजनीतिक दल व दूसरे शहरों में पत्रकारों का समूह संघर्ष कर रहा था, लेकिन इधर रांची प्रेस क्लब इन सबसे दूर, एक सेमिनार कराने में ज्यादा व्यस्त था

यह शर्मनाक नहीं तो क्या है? उधर पत्रकार अभिषेक भारती प्रकरण पर भारतीय जनता पार्टी की युवा इकाई सड़कों पर संघर्ष कर रही थी। कई शहरों में पत्रकारों के समूह आंदोलित थे। लेकिन जहां संघर्ष होना चाहिए। वहां संघर्ष नहीं दिखा। रांची प्रेस क्लब के लोग सेमिनार को संपन्न कराने में ज्यादा मस्ती दिखा रहे थे। एक पत्रकार पुत्र का पत्रकार पिता गम में डूबा है, क्योंकि उसे कहीं से कोई सहारा नहीं दिख रहा।

लेकिन जहां से भी उसे कोई सहानुभूति दिख रही है। उसी सहानुभूति की डोर से वो स्वयं को मजबूत करने में लगा है। आश्चर्य तो यहां के प्रमुख अखबारों और उनके यहां काम कर रहे तथाकथित पत्रकारों ने कर दी है। इनका दोहरापन साफ दिख रहा है। ये रांची प्रेस क्लब में तो कुछ कहते हैं। लेकिन अखबार में पहुंचते ही, उन्हें अपनी नौकरी का खतरा साफ दिखता है और वे चुप्पी साध लेते हैं। अब देखिये, इन अखबारों के चरित्र …

दैनिक जागरण

दैनिक जागरण ने पत्रकार अभिषेक भारती मामले से स्वयं को दूर कर लिया है। आज इस अखबार ने इस संबंध में एक भी समाचार प्रकाशित नहीं किया है। चाहे इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का बयान हो या राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा संज्ञान लेना ही क्यों न हो।

दैनिक भास्कर

दैनिक भास्कर ने पत्रकार अभिषेक भारती मामले में चार लाइन की खबरें छापी है। जो बाबूलाल मरांडी के बयान को अतिसंक्षिप्त कर अखबार के किसी पृष्ठ पर एक कोने में समेट दिया गया है। लेकिन राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा इस प्रकरण पर संज्ञान लिया गया। इस मामले को अपने यहां स्थान नहीं दिया।

हिन्दुस्तान

हिन्दुस्तान ने पत्रकार अभिषेक भारती प्रकरण पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा संज्ञान लेने की खबर प्रमुखता से छापी है। इस अखबार ने बाबूलाल मरांडी के बयान को भी छापा है।

प्रभात खबर

प्रभात खबर ने भी पत्रकार अभिषेक भारती प्रकरण पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा संज्ञान लिये जाने की खबर को प्रमुखता से छापा है। इस अखबार ने रांची प्रेस क्लब में अभिषेक भारती के साथ हुए कथित मारपीट को लेकर एक बैठक हुई। निर्णय लिये गये। इस खबर को भी प्रमुखता से छापा है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान को भी संक्षिप्त कर अपने यहां स्थान दी है।

मतलब साफ है कि पत्रकार अभिषेक प्रकरण पर अखबार और मीडिया पूरी तरह से बंटे हैं। कोई खुलकर उसका समर्थन नहीं कर रहा। इसका मूल कारण पत्रकारों में उच्च कोटि की आपसी जलन है। यह जलन हर वर्ग, समुदाय या विभाग में होता है। लेकिन पत्रकारों की जलन की पराकाष्ठा मापने का कोई यंत्र अभी तक बाजार में नहीं आया है।

कमाल देखिये। एक पत्रकार के लिए भाजपा जैसी राजनीतिक दल मुखर है। उसके सारे नेता आंदोलनरत है। दो दिनों की विधानसभा चली। उस विधानसभा परिसर में भी भाजपाइयों ने जमकर पत्रकार अभिषेक भारती के साथ हो रहे अन्याय के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद की। आज तो भारतीय जनता युवा मोर्चा ने रांची सहित राज्य के कई जिलों में धरना देकर अपना विरोध भी जताया।

झारखण्ड के कई जिलों से भी खबर है कि पत्रकारों ने धरने दिये हैं। उपायुक्त के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भी दिये हैं। लेकिन रांची में क्या हुआ? रांची में जो बड़े-बड़े पत्रकारों के संगठन हैं। रांची प्रेस क्लब है। बड़े-बड़े अखबारों में प्रधान संपादक, कार्यकारी संपादक, कारपोरेट संपादक, स्थानीय संपादक बैठते हैं। उनके मुख से एक आवाज तक अभी इस प्रकरण पर सुनने को नहीं मिली है। शायद, इन महानुभावों ने मान लिया है कि पत्रकार अभिषेक भारती इस मामले में दोषी है।

सच्चाई यह है कि अगर सारे अखबारों और अन्य मीडिया हाउस के लोग एक होकर सड़क पर उतर जायें, तो अच्छे-अच्छों की चूलें हिल जाये। पर यहां हो क्या रहा है? ये सारे लोग अपनी-अपनी मस्ती में डूबे हैं। सच्चाई यह भी है कि यहां के सारे राजनीतिक दल से जुड़े अपराधी या छुटभैये नेता जानते है कि ये दो कौड़ी के लोगों की औकात क्या है? किसी को किसी भी आयोग का अध्यक्ष बनने की लालच, राज्यसभा जाने की लालच, किसी नेता के पैरवी से भारत के विभिन्न शहरों की यात्रा करने की लालच और अपने अखबार मालिकों के लिए खान पाने की लालच ने इन्हें कहीं का नहीं छोड़ा है।

शायद, यही कारण रहा है कि हमारे दिवंगत हो चुके पूर्वजों ने बार-बार कहा कि कुछ पाने की लालसा रखनेवाले, स्वयं को अवार्ड दिलाने की लालसा रखनेवाले, खान लेने और दिलवाने की लालसा रखनेवाले, सूचना आयुक्त की लालसा रखनेवाले, राज्यसभा जाने की चाहत रखनेवाले कभी आंदोलनकारी नहीं हो सकते और अगर कोई कहता है कि वो आंदोलनकारी या कभी आंदोलनकारी रहा है, तो समझ लीजिये कि वो आंदोलनकारी की आड़ में भी उक्त आंदोलन को बेचा है, तभी तो वो पद पाया है।

आंदोलनकारी, तो हमेशा आंदोलनकारी ही रहेगा। ऐसा थोड़े ही है कि जवानी में आंदोलनकारी और बुढ़ापे में या अवकाश प्राप्त करने के बाद किसी की कृपा से कोई पद मिल जाये, तो बिना काम किये महीनों वेतन उठायेगा और उसे इस बात के लिए शर्मिंदगी नहीं होगी। हमने तो कई आंदोलनकारी ऐसे भी देखे हैं, जिन्होंने आंदोलन में हिस्से लिये पर कभी भी उस आंदोलन को नहीं बेचा, मर गये पर अपने मूल सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं किया। लेकिन यहां तो एक पत्रकार खुद को आंदोलनकारी बताता है। उपायुक्त से इसके लिए सर्टिफिकेट भी प्राप्त करता है। बाद में आयोग की कुर्सी तक पहुंच जाता है, बिना काम किये वेतन भी उठाता है, पर उसे शर्म नहीं आती, शर्म आयेगी भी तो कैसे, शर्म को बेच खानेवाले को भला शर्म आती है।

अब आगे देखिये। इन गिरे हुए रांची के अखबारों ने जब पत्रकार अभिषेक भारती का नाम पहली बार प्राथमिकी में आया तो इन सब ने अपने अखबारों में इस समाचार को जगह तो दी। लेकिन किसी ने भी अभिषेक भारती के नाम के आगे पत्रकार नहीं लिखा। यहीं नहीं, कुछ दिनों के बाद प्रभात खबर ने उसे यूट्यूबर बताकर अपने यहां स्थान दिया और अब उसे पत्रकार कहकर संबोधित करने लगा है।

आश्चर्य यह भी है कि इन्हीं अखबारों में काम करनेवाले कई लोग रांची प्रेस क्लब के पद को सुशोभित किये हैं। लेकिन, इनलोगों के अखबारों में काम करने के बावजूद गड़बड़ियां हुई। पर किसी ने अपने यहां सवाल नहीं उठाया। सवाल उठायेगा भी तो कैसे? उसके लिए जमीर चाहिए। बेचारा पत्रकार अभिषेक भारती का पिता संपूर्णानन्द भारती क्या करेंगे? उन्हें जहां से भी कुछ आस दिख रही हैं। पहुंच जा रहे हैं। कोई जो भी कह दे रहा है। सुन ले रहे हैं। लेकिन शायद उन्हें भी यह एहसास हो चला है कि लड़ना उन्हें अकेले ही हैं। कोई किसी की मदद नहीं करता और अगर कोई मदद करेगा भी तो उसकी भी एक सीमा है।

हमें याद है कि कभी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि सत्ता का चरित्र एक सा रहता है। लेकिन कभी उन्हें सत्ता मिली तो भले ही वे इस संबंध में कुछ न कर पायें। पर किसी को बोलने का अवसर तो नहीं देंगे। फिर सवाल उठता है कि ऐसे राजनीतिज्ञ कितने हैं। राहुल गांधी की पार्टी से बेहतरी की कामना करना भी मूर्खता है, क्योंकि अब वहां कोई सरदार वल्लभ भाई पटेल या लाल बहादुर शास्त्री नहीं है।

इनके पार्टी के लोगो ने जो अपने विधायक को बचाने के लिए अभियान चलाया है। उसमें वे सफल रहे हैं। लेकिन पत्रकार की वो दुर्दशा करा दी। जिसकी जितनी निन्दा की जाय कम है। पुलिस की तो स्थिति ऐसी है कि एक डीएसपी स्तर का अधिकारी भय से विधायक का नाम तक लेने से कतराता है। लेकिन इसके बावजूद भी हमें भारत के उस ध्येय वाक्य पर भरोसा है। जो कहता है – सत्यमेव जयते।

अंत में। आज भाजपा ने रांची सहित कई शहरों में धरना-प्रदर्शन किया है। कई शहरों जैसे खूंटी-धनबाद आदि जगहों के प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों ने भी धरना-प्रदर्शन किया है। लेकिन रांची में रांची प्रेस क्लब ने इस सब से अलग रांची में एक सम्मेलन कराने पर ज्यादा ध्यान दिया। जिसमें प्रेस क्लब से जुड़ा एक अधिकारी स्वयं को सर्वश्रेष्ठ तथा राष्ट्रीय स्तर पर खुद को दिखाने के लिए पूरे रांची प्रेस क्लब तक को झोंक दिया। जिसमें आहुति देने के लिए प्रभात खबर और कुछ टूटपूंजिये अखबार आगे आये और झारखण्ड में एक पावर प्रोजेक्ट चला रही तथा बांग्लादेश को बिजली सप्लाई कर रही एक कंपनी के लोगों ने भी इस कार्य में भाग लिया। मतलब एक पत्रकार बर्बाद हो जाये, उसका परिवार बर्बाद हो जाये, उससे हमें क्या मतलब, हमें तो अपनी सेहत की चिन्ता होनी चाहिए। ऐसे है यहां के पत्रकार, ऐसा है रांची प्रेस क्लब, इनसे बेहतरी की आशा रखना ही मूर्खता को सिद्ध करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *