खेल

नौ अक्तूबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में भारत और वेस्ट इंडीज के बीच हो रहे टी20 क्रिकेट मैच को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का किया गया निरीक्षण

रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में नौ अक्टूबर को भारत एवं वेस्टइंडीज के बीच आयोजित होने वाले दूसरे T20 क्रिकेट मैच के मद्देनजर,आज दिनांक 5 अक्तूबर को अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, मनोज कौशिक द्वारा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह ,जेएससीए के अध्यक्ष एवं सचिव सहित अन्य महत्वपूर्ण सदस्य एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस दौरान स्टेडियम एवं उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, दर्शकों की सुरक्षा, खिलाड़ियों एवं टीमों की सुरक्षा, महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों सहित विभिन्न सुरक्षा बिंदुओं का निरीक्षण एवं समीक्षा की गई।

मनोज कौशिक द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को मैच के दौरान सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मैच के दौरान आम नागरिकों, दर्शकों, खिलाड़ियों एवं अन्य सभी संबंधित व्यक्तियों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। रांची पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मैच के दौरान पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *