अपराध

सेल्समैन की हत्या का खुलासा, कृष्णा स्वीट्स का मालिक व सफाईकर्मी गिरफ्तार, पत्नी पर अश्लील टिप्पणी और बिक्री के रुपये गबन करने से नाराज था मालिक, हत्या की सुपारी के तौर पर तय हुए थे 50 हजार रुपये

रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र के करकट्टा मोड़ के पास कृष्णा स्वीट्स के सेल्समैन बानेश्वर गोराई उर्फ राहुल (30) की हत्या का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने कृष्णा स्वीट्स के मालिक कृष्णा कुमार उर्फ लंगड़ू (29) और होटल के सफाईकर्मी अमित कुमार उर्फ बिट्टू (22) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोटरसाइकिल समेत कई अन्य सामान भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 29-30 अक्टूबर की रात बानेश्वर गोराई की करकट्टा मोड़ के पास अज्ञात अपराधियों ने कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी थी। मृतक पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के मानबाजार थाना क्षेत्र के सिंदुरपुर गांव का रहने वाला था। घटना को लेकर पिठौरिया थाना कांड संख्या 112/26, दिनांक 30 अक्टूबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच की। इसी क्रम में कृष्णा स्वीट्स के मालिक कृष्णा कुमार उर्फ लंगड़ू और सफाईकर्मी अमित कुमार उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि होटल मालिक की पत्नी अक्सर होटल में पूजा करने आती थी। इस दौरान मृतक बानेश्वर गोराई कथित तौर पर उस पर अभद्र और अश्लील टिप्पणियां करता था। इसके अलावा वह होटल की बिक्री के रुपये भी गबन कर रहा था, जिससे मालिक को आर्थिक नुकसान हो रहा था।

पुलिस के मुताबिक, बानेश्वर पश्चिम बंगाल से पिठौरिया क्षेत्र के विभिन्न होटलों में काम करने के लिए स्टाफ और वेटर भी उपलब्ध कराता था। कृष्णा स्वीट्स में कार्यरत कुछ कर्मचारियों को भी वही लेकर आया था। होटल मालिक द्वारा डांट-फटकार किए जाने पर वह कई दिनों के लिए होटल छोड़कर चला जाता था और अपने साथ अन्य कर्मचारियों को भी ले जाता था। इन घटनाओं से नाराज होकर होटल मालिक ने उसकी हत्या की साजिश रची।

50 हजार रुपये में तय हुई थी हत्या की योजना

पुलिस के अनुसार, कृष्णा कुमार ने होटल के सफाईकर्मी अमित कुमार के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। हत्या में सहयोग करने के एवज में अमित को 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। इसमें से सात हजार रुपये अग्रिम रूप से दिए गए थे।

योजना के मुताबिक, घटना की रात जब बानेश्वर अपने ससुराल जा रहा था, तब आरोपियों ने उसका पीछा किया। इसके बाद करकट्टा मोड़ के पास कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है।

हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (JH01CE-8795), एक कुल्हाड़ी, मृतक और आरोपी के एक-एक मोबाइल फोन, घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े, एक डीवीआर, दो वाई-फाई राउटर और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से सेल्समैन हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *