आरपीएन सिंह कांग्रेस में भाजपा का घुसपैठिया था, अच्छा हुआ स्वयं चला गया – फुरकान

कांग्रेस सरकार में पूर्व केंद्रीय मंत्री सह झारखंड कांग्रेस प्रभारी रहे आरपीएन सिंह के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में चले जाने पर कांग्रेसियों ने खुशी जताया है। गोड्डा लोकसभा से सांसद रहे, पुराने कांग्रेसी नेता फुरकान अंसारी ने कहा कि वे शुरू से कहते आ रहे थे कि यह व्यक्ति भाजपा का घुसपैठिया है, जो पूरे टीम को बर्बाद कर रख देगा, मगर आलाकमान ने उनकी बातों पर समय रहते ध्यान ही नहीं दिया।

आज इसने अपना चेहरा दिखा ही दिया। आरपीएन सिंह जैसे लोग ही पार्टी को अंदर से खोखला कर रहे थे।  टिकट से लेकर पद पाने के लिए बोली लगती थी। खुलेआम वसूली का खेल चलता था। ऐसी संस्कृति को बढ़ावा देने वाले लोग के चले जाने से आज कांग्रेसी राहत महसूस कर रहे है। सिर्फ एक व्यक्ति ने पूरे झारखंड में कांग्रेस के संगठन को अस्त-व्यस्त कर दिया था।

जिसने पैसा पहुंचाया उसकी योग्यता को जांचे परखे बिना पद दे दिया। वैसे लोग जिन्होंने अपनी सारी जिंदगी कांग्रेस की सेवा में लगा दिया, उसे एक साजिश के तहत किनारा कर दिया। ऐसा मकड़जाल बुनकर रखा था कि आलाकमान तक सही बात भी नहीं पहुंच पाती थी। इसका नतीजा यह हुआ कि कांग्रेस पार्टी दिन प्रतिदिन कमजोर होती चली गई। श्री अंसारी ने कहा कि समय बहुत नहीं निकला है।

अभी भी सुधरने का समय है। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर फील्ड में मेहनत करें, एक बार फिर से काग्रेस अधिक मजबूती से उतरेगी काग्रेस के पुराने दिन वापस लौटेंगे और झारखंड में एक बड़ी पार्टी बन कर उभरेगी। श्री अंसारी ने आलाकमान से यह अनुरोध किया है कि वो आरपीएन सिंह के कार्यों की समीक्षा करे और आवश्यक बदलाव करे।