अपनी बात

मानपुर-कोडरमा के बीच रेल पटरियों पर आई चट्टानें, बाल-बाल बची नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस

धनबाद रेल मंडल के मानपुर-कोडरमा रेल खंड के बीच बसकटवा ब्लॉकहॉल्ट व नाथगंज स्टेशन के बीच 414/44 किलोमीटर के पास अचानक भूस्खलन होने के कारण रेल पटरियों पर चट्टान आ जाने के कारण इस रेल खण्ड में घटों रेल परिचालन प्रभावित रहा। बताया जाता है कि इन दिनों इस इलाके में हो रही भारी बारिश से यह भूस्खलन हुआ, जिसकी जल्दी मरम्मति भी कर दी गई। घटना आज ही सुबह पांच बजकर सतरह मिनट की है।

रेलवे सूत्रों के अनुसार फिलहाल इस स्थान पर 45 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से ट्रेनें चल रही हैं। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलते ही सामान्य रेल परिचालन के लिए रेलवे के अधिकारियों ने रेल पटरियों से चट्टानों को हटाने का त्वरित गति से कार्य प्रारम्भ कर दिया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस घटना से 02242 नई दिल्ली रांची राजधानी स्पेशल एक्सप्रेस का इन्जन प्रभावित हो गया।

जिसे बाद में दूसरे इन्जन की मदद से नई दिल्ली रांची राजधानी स्पेशल ट्रेन को रांची के लिए सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर वहां से रवाना किया गया। घटना स्थल पर रेलवे परिचालन को शीघ्र बहाल करने में धनबाद रेल मंडल प्रबंधक आशीष बंसल ने मुख्य भूमिका निभाई। ढाई घंटों के अंदर ही दोनों लाइनों पर रेल सेवा बहाल हो गई।

मंडल रेल प्रबंधक ने ऐसी घटनाओं से बचने के लिए दो सदस्यों की उच्चस्तरीय जांच दल का गठन किया है, जो भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अपना सुझाव धनबाद रेल मंडल को देगा। जांच दल में वरीय मंडल संरक्षा अधिकारी व वरीय मंडल इंजीनियर समन्वय को रखा गया है।

इस घटना के कारण जो प्रमुख रेल गाड़ियों का परिचालन प्रभावित हुआ। उनके नाम इस प्रकार है – राँची राजधानी, 02314 नई दिल्ली- सियालदह राजधानी एक्सप्रेस स्पेशल, 03126 गाजीपुर सिटी- कोलकाता स्पेशल एक्सप्रेस, 02365 रांची जनशताब्दी, 02988 अजमेर सियालदह एक्सप्रेस।