पलामू की ऋचा सिंह ने जीता दिल्ली में बेस्ट इंफ्लूएंसर का अवॉर्ड
पलामू की बेटी और चर्चित कंटेंट क्रिएटर एवं फूड इन्फ्लुएंसर ऋचा सिंह को दिल्ली में आयोजित मॉम जंक्शन एम-पैक्ट अवार्ड्स 2026 (दिल्ली एडिशन) में ‘बेस्ट फूड एंड रेसिपी इन्फ्लुएंसर’ के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे पलामू और झारखंड में खुशी का माहौल है।
मेदिनीनगर के कचहरी रोड निवासी अरुण कुमार सिंह की पुत्री ऋचा सिंह अपने लोकप्रिय डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘मॉम अबाउट फूड’ के माध्यम से देशभर के लाखों दर्शकों के बीच विशेष पहचान बना चुकी हैं। अपने अनूठे फूड कंटेंट और रेसिपी वीडियो के जरिए उन्होंने सोशल मीडिया पर एक मजबूत पहचान स्थापित की है। ऋचा के पिता अरुण सिंह ने बताया कि वह बचपन से ही पढ़ाई, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में रुचि रखती थीं।
उन्होंने यह भी बताया कि ऋचा पलामू की पहली बेटी थीं, जिन्होंने दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेकर जिले का नाम रोशन किया था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा मेदिनीनगर स्थित मिशन स्कूल स्कूल से हुई है। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद ऋचा सिंह ने कहा, “यह सम्मान मेरे लिए बेहद खास है। भोजन और कहानियों को साझा करने के जुनून से शुरू हुआ यह सफर आज मेरे दर्शकों के प्यार और समर्थन की बदौलत एक खूबसूरत यात्रा बन गया है। जिन्होंने मुझे वोट दिया, प्रोत्साहित किया और मेरे काम पर विश्वास किया, मैं उन सभी की दिल से आभारी हूं। यह पुरस्कार मेरे पूरे समुदाय का है।”
ऋचा सिंह की इस उपलब्धि पर झामुमो नेता एवं उनके भाई आशुतोष विनायक ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल पलामू बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ऋचा की मेहनत, लगन और संघर्ष युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऋचा की इस जीत पर उनकी माता प्रभा सिंह ने भावुक होते हुए बताया कि ऋचा शुरू से ही पढ़ाई के साथ साथ फिटनेस और हेल्दी खाना पर ध्यान देती थी और उसे बहुत गहरी समझ है खाना की।
उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी हो रही है उसने शौक को पूरा करते हुए ना सिर्फ अवॉर्ड जीता है बल्कि सब का नाम भी रौशन भी किया। ऋचा सिंह की इस सफलता पर स्थानीय लोगों, शुभचिंतकों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पलामू की बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम हर विधा में लहराने में सक्षम हैं।
