रांची के अमन स्टोर में छापेमारी, 114 बोतल विदेशी शराब बरामद, संचालिका पूर्णिमा गिरफ्तार
रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मुरला पहाड़, हेहल स्थित एक दुकान में अवैध रूप से विदेशी शराब के भंडारण और बिक्री की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर विभिन्न कंपनियों की कुल 114 बोतल शराब बरामद की। मामले में दुकान की संचालिका पूर्णिमा कुमारी (34), पति स्वर्गीय अमन बेग, निवासी पहाड़ टोली, हेहल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि मुरला पहाड़, हेहल के पास स्थित एक दुकान में अवैध रूप से विदेशी शराब का भंडारण कर उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर), रांची के निर्देश पर सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम में पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार यादव, राहुल कुमार मेहता, सुचिन कुमार मिश्रा, महिला आरक्षी 1314 ममता इन्दु, आरक्षी 3884 रूपमणि सहित सशस्त्र बल शामिल थे। टीम ने मुरला पहाड़, हेहल स्थित अमन स्टोर में विधिवत छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न कंपनियों की कुल 114 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब के संबंध में दुकान की संचालिका पूर्णिमा कुमारी से वैध कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकीं और न ही संतोषजनक जवाब दे सकीं। इसके बाद पुलिस ने बरामद शराब को विधिवत जब्त कर सीलबंद कर दिया तथा संचालिका को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 317/26, दिनांक 16 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 274, 275 एवं 292 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में किंगफिशर बीयर की 12 बोतल, किंगफिशर केन बीयर की 18, Tuborg केन बीयर की आठ, गॉडफादर बीयर की 12 और अल्ट्रामैक्स बीयर की 10 बोतल शामिल हैं। इसके अलावा आरएस कंपनी की 375 एमएल की चार और 180 एमएल की छः बोतल, B-7 कंपनी की 375 एमएल की पांच और 180 एमएल की पांच बोतल, I-CONIQ कंपनी की 375 एमएल की पांच और 180 एमएल की चार बोतल बरामद हुई। वहीं, RC कंपनी की 375 एमएल की तीन और 180 एमएल की सात बोतल, McDowell कंपनी की 375 एमएल की चार और 180 एमएल की नौ बोतल तथा Magic Moment कंपनी की 180 एमएल की दो बोतल भी जब्त की गई हैं।
