रांची के नामकुम में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी, तीन गिरफ्तार
रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में अवैध रूप से विदेशी शराब की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विभिन्न दुकानों और होटल से कुल 79.44 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब एवं बीयर बरामद की है। बरामद शराब की कुल संख्या 173 बोतल/कैन बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को तीन अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि नामकुम थाना क्षेत्र के तुंजू-नचलदाग स्थित बजरंग महतो के होटल तथा बुतियो गांव में शिव शंकर बड़ाईक और शिवा बड़ाईक की दुकानों में बिना वैध कागजात के विदेशी शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तुंजू-नचलदाग स्थित बजरंग महतो उर्फ हरिनाथ महतो के होटल में छापेमारी की। यहां से 53 बोतल अंग्रेजी शराब और बीयर, कुल 24.50 लीटर बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक शराब से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उसे जब्त कर लिया गया और बजरंग महतो को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद शराब में 650 एमएल की 31 बोतल किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर, 180 एमएल की 10 बोतल स्टर्लिंग रिजर्व बी7 व्हिस्की, 375 एमएल की दो बोतल स्टर्लिंग रिजर्व बी7 तथा 180 एमएल की 10 बोतल ICONIQ व्हाइट व्हिस्की शामिल है।
इसके बाद पुलिस टीम ने बुतियो स्थित शिव शंकर बड़ाईक और शिवा बड़ाईक की किराना दुकानों में छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, शिव शंकर बड़ाईक की दुकान के फ्रीज और अंदर छिपाकर रखी गई जगह से 38.39 लीटर शराब/बीयर बरामद हुई। इसमें 500 एमएल के 50 कैन गॉडफादर स्ट्रॉन्ग बीयर, 650 एमएल की पांच बोतल किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर सहित विभिन्न ब्रांड की व्हिस्की शामिल है।
वहीं, शिवा बड़ाईक की दुकान से 16.55 लीटर शराब/बीयर बरामद की गई। इसमें 500 एमएल के 25 कैन गॉडफादर स्ट्रॉन्ग बीयर, 180 एमएल की 10 बोतल तथा 375 एमएल की छह बोतल ICONIQ व्हाइट व्हिस्की शामिल है। पुलिस के मुताबिक छापेमारी के दौरान शिव शंकर बड़ाईक मौके से फरार हो गया। उसके पुत्र और दुकान के सहयोगी संचालक पंकज बड़ाईक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की ओर से दी गई गिरफ्तारी सूची में शिव शंकर बड़ाईक का नाम भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में बजरंग महतो उर्फ हरिनाथ महतो (48), पिता भैरो महतो, निवासी नचलदाग, तुंजू, शिव शंकर बड़ाईक (करीब 50 वर्ष), पिता स्व. महादेव बड़ाईक और पंकज बड़ाईक (करीब 29 वर्ष), पिता शिव शंकर बड़ाईक, दोनों निवासी नामकुम थाना क्षेत्र, रांची के नाम शामिल है।
मामले में नामकुम थाना कांड संख्या 274/26, दिनांक 03.10.2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 275/292 BNS एवं 47(A)/52(D) Excise Act के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
छापेमारी दल में कार्रवाई के दौरान वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम रांची अमर कुमार पाण्डेय, नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार सहित सहायक अवर निरीक्षक उज्जवल कुमार सिंह, तारकेश्वर प्रसाद केसरी, सत्येन्द्र सिंह, बिपुल चन्द्र मण्डल तथा नामकुम थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
