धनबाद में नकली टाटा व पतंजलि नमक के निर्माण में लिप्त शुभम अग्रवाल को पुलिस ने किया गिरफ्तार, बड़े पैमाने पर पैकेजिंग किया हुआ नकली टाटा व पतंजलि नमक व इसके रैपर बरामद
धनबाद पुलिस ने ब्रांडेड नकली नमक के कारोबार में लिप्त शुभम अग्रवाल को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। शुभम अग्रवाल और उसके पिता पवन अग्रवाल पर आरोप है कि ये दोनों नकली टाटा नमक और नकली पतंजलि नमक के कारोबार में लिप्त है। शुभम अग्रवाल और उसका पिता पवन अग्रवाल रानी रोड बरमसिया स्थित अग्रवाल फूट स्टोर्स का संचालक है।
स्थानीय पुलिस ने शुभम अग्रवाल को रंगे हाथों उस स्थान से पकड़ा, जहां बड़े पैमाने पर टाटा नमक और पतंजलि नमक की पैकेजिंग हो रही थी। बताया जा रहा है कि शुभम अग्रवाल मामूली नमक जो बहुत ही कम कीमत पर मिलती है। उसे दूसरे स्थानों से मंगवाकर टाटा नमक और पतंजलि नमक के रैपर में डलवाकर अन्य स्थानों पर बेचा करता था और जमकर मुनाफा कमाता था।
जिस बात की जानकारी टाटा नमक से जुड़े एजेंसियों को हो गई थी। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्टस लिमिटेड के अधिकृत जांच एजेंसी प्रतिनिधि ने धनसार थाने में प्राथमिकी दर्ज कर नकली टाटा नमक के निर्माण, वितरण और बिक्री से संबंधित गंभीर आरोप, प्रोफेसर कॉलोनी, गली नंबर 6 निवासी पवन अग्रवाल और उसके बेटे शुभम अग्रवाल पर लगाया है।
टाटा से जुड़े प्रतिनिधियों ने इस कार्य को गंभीर बताते हुए मौके वारदात पत्रकारों को बताया कि ये स्वास्थ्य कारणों से भी खतरनाक तथा कंपनी की साख को नुकसान पहुंचानेवाला कृत्य है, जो अक्षम्य है। धनबाद के धनसार में हुए इस नकली टाटा नमक और नकली पतंजलि नमक के खुलासे ने पूरे कोयलांचल में खलबली मचा दी है।
जो अब तक इस प्रकार के नमक को प्रयोग में लाये हैं। उनके चेहरे पर हवाइयां उड़ रही है। ज्यादातर उपभोक्ताओं का कहना है कि ऐसे लोगों पर राज्य सरकार को चाहिए कि कड़ी कार्रवाई करें, ताकि दूसरा कोई इस प्रकार के कार्य करने के लिए दस बार सोचने को मजबूर हो।
