पलामू में बनी फिल्म ‘पेड़ चलता है’ दिखाई जायेगी कांस फिल्म फेस्टिवल में
दुनिया की सबसे समृद्ध और पुरानी फिल्म फेस्टिवल में से एक कांस में दिखेगी पलामू में बनी फिल्म पेड़ चलता है। इस फिल्म सिलेक्शन कांस फिल्म फेस्टिवल के वर्ल्ड प्रीमियर कैटेगरी में हुआ है। फिल्म को कोलकाता के जाने माने निर्देशक देवादित्य बंदोपाध्याय ने निर्देशित किया है। इस पूरी फिल्म की शूटिंग पलामू टाइगर रिजर्व के जंगल, पलामू किला, शाहपुर किला व मेदिनीनगर के कुछ जगहों पर की गई है।
दूरभाष पर बात करते हुए फिल्म के निर्देशक देवादित्य बंदोपाध्याय ने कहा कि इस फिल्म की कहानी जल, जंगल, जमीन व इससे जुड़े लोगों की है, जिसे थ्रिलर व सस्पेंस के ट्रीटमेंट के साथ बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को आउटलाइन एक्सप्रेशन के बैनर तले मासूम आर्ट ग्रुप के सहयोग से बनाया गया है। इसके क्रिएटिव प्रोड्यूसर अमित बहल है। फिल्म की मूल कहानी बंगला में है जिसका लेखन पुलक दास ने किया है, इसका हिंदी पटकथा व संवाद पलामू के जाने माने रंगकर्मी व छायाकार सैकत चटर्जी का लिखा हुआ है।

इस फिल्म में मुंबई के जाने माने कलाकार वीरेंद्र सक्सेना, प्रमोद पाठक, कुमार सौरभ व सतेंद्र सोनी, कोलकाता के मैनाक बनर्जी व सुब्रत बनर्जी के साथ साथ पलामू के मासूम आर्ट ग्रुप से जुड़े कलाकारों का सराहनीय योगदान रहा है। इस फिल्म में पलामू के कई कलाकारों ने बेहतरीन अभिनय किया है जिसे देखकर मुंबई के फिल्म समालोचकों ने काफी प्रशंसा किया है।
निर्देशक ने कहा कि इस फिल्म में पलामू की प्राकृतिक सुंदरता को भी काफी प्रभावशाली ढंग से फिल्माया गया है। इसके डीओपी विक्रम आनंद सावरेवाल बेबे है जबकि म्यूजिक डायरेक्टर आनंद भास्कर है। फिल्म के फाइट डायरेक्टर पलामू के जाने माने खेल प्रशिक्षक सुमित वर्मन है।

सैकत चटर्जी ने कहा कि अगर पलामू में शूट की हुई फिल्म कांस फिल्म में दिखाई जा रही है तो यह पलामू ही नहीं झारखंड के लिए गर्व की बात है। इस फिल्म की शूटिंग सफलता पूर्वक हो इसके लिए पलामू व लातेहार जिला प्रशासन तथा पलामू टाइगर रिजर्व के पदाधिकारियों का सक्रिय सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि पलामू के रंगमंच से जुड़े कलाकारों ने साबित कर दिया है कि अगर उन्हें मौका मिले तो वो धमाल कर सकते है।
निर्देशक ने कहा कि जल्द ही आयोजकों के द्वारा प्रदर्शन की तारीख व समय जारी किया जाएगा। इस फिल्म फेस्टिवल में सिर वैसी ही फिल्मों को प्रीमियर कैटेगरी में चुना जाता है जिसका अभी तक कही भी प्रदर्शन नहीं हुआ हो। उन्होंने कहा कि कांस में प्रीमियर होने के बाद यह तय किया जाएगा कि इस फिल्म को आगे और किन किन फिल्म फेस्टिवल में भेजा जाएगा।
फिल्म पेड़ चलता है में पलामू के जिन दिग्गज कलाकारों को देखा जाएगा उनमें कामख्या प्रसाद सिन्हा, सैकत चटर्जी, मुरारी पांडेय, अमर भांजा, उज्ज्वल सिन्हा, अविनाश पाण्डेय, उज्ज्वल सिन्हा, मन्नू राईन, मो नसीम, शहजादा तालिब, मुकेश विश्वकर्मा, गुलशन मिश्रा, आशना भेंगरा, कनक लता तिर्की, वर्षा, गोविंदा, प्रकाश, आलोक नाथ, आदर्श पांडेय, मो कैफ, अमर्त्य, अरिंदम आदि शामिल है।
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निर्देशक सत्यजीत राय की बंगला फिल्म अरननेर दिन रात्रि को कांस फिल्म फेस्टिवल के आर्काइव सेक्शन में दिखाया गया था। बंगला भाषा की इस श्वेत श्याम फिल्म में शर्मिला टैगोर, सिम्मी ग्रेवाल, सौमित्र चटर्जी, टीनू आनंद जैसे कलाकार उस समय पलामू आए थे। इसकी शूटिंग केचकी, बेतला, गारू, छिपादोहर आदि जगहों पर हुई थी। उस फिल्म के बाद अब दूसरा मौका है जब फिल्म पेड़ चलता है के माध्यम से दुनिया पलामू की झलक देखेगी।

यह तो हम झारखंड वासियों के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है मासूम आर्ट थिएटर और सैकत चटर्जी सर को बहुत-बहुत बधाई हमें गौरव महसूस कराने के लिए
Yah Hamare liye bahut Garv Ki Baat Hai pure Palamu vasiyon ke liye Garv Ki Baat Hai
बहुत ही शानदार👍👍👌
ये बहुत गर्व की बात है की हमलोगो को इस फिल्म मे काम करने का मौका मिला. और हमारे पलामू मे ऐसी बहुत से अच्छी जगह है जहाँ की फिल्म की अच्छी सूटिंग हो सकती है और जितने मासूम आर्ट ग्रुप के लोगो ने मेहनत और लगन से इस काम को किया है उसके लिए सभी का दिल से धन्येवाद सबसे ज्यादा हमारे टीम के गुरु सैकत दादा का धन्यवाद जो उन्होंने हमलोगो को तैयार किया इस फिल्म मे काम करने के लिए नाटक हो या फिल्म हो सैकत दादा हमेशा सोचते है की मेरे टीम के बच्चे आगे बढ़े और हमेशा हमलोगो को आगे बढ़ाते है इसके लिए सैकत दादा का फिर से दिल से धन्यवाद
बहुत ही शानदार लेखन
Congratulations team masoom bahot badi kaamyabi h palamu hi nahi pure jharkhand k Kala Jagat ki duniya ka etihasik kaam h,