राजनीति

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के सुअवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार पहुंचे रांची के बोड़ेया स्थित अतिप्राचीन व एतिहासिक श्री मदन मोहन मंदिर, की पूजा अर्चना, मदन मोहन के दर्शन कर हुए आत्मविभोर

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज श्री मदनमोहन मंदिर, बोड़ेया, राँची में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बोड़ेया का श्री मदनमोहन मंदिर धार्मिक आस्था के साथ-साथ झारखण्ड की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। वर्ष 1665 ई. में निर्मित इस मंदिर से जुड़े शिलालेख एवं ताम्रपत्र इसकी ऐतिहासिकता के महत्वपूर्ण प्रमाण हैं। ऐसी विरासत हमें अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ती है।

राज्यपाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी सत्य, धर्म और विवेक के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनका व्यक्तित्व प्रेम, करुणा, मित्रता, ज्ञान एवं कर्तव्य का सुंदर समन्वय है। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया कर्म और आत्मविश्वास का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि निष्काम कर्म और कर्तव्य के प्रति निष्ठा का यह संदेश प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

उक्त अवसर पर राज्यपाल द्वारा ‘श्री मदनमोहन स्वामी स्तुति’ का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह केवल एक स्तुति का प्रकाशन नहीं, बल्कि भक्ति, आस्था और परंपरा को शब्दों के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का सार्थक प्रयास है। उन्होंने इस पहल के लिए मंदिर समिति को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

राज्यपाल ने कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत तभी जीवंत और समृद्ध बनी रहेगी, जब नई पीढ़ी उससे जुड़ेगी। युवाओं को अपने इतिहास, प्राचीन मंदिरों, लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि झारखण्ड प्राकृतिक संपदा के साथ-साथ समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत की भूमि भी है और इस विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन सामूहिक दायित्व है।

राज्यपाल ने सभी से आह्वान किया कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेशों से प्रेरणा लेकर सत्य, धर्म, प्रेम, सद्भाव और कर्तव्य के मार्ग पर चलें तथा समाज एवं राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान दें। इससे पूर्व राज्यपाल ने श्री मदनमोहन मंदिर, बोड़ेया में पूजा-अर्चना की, भगवान के दर्शन कर आत्मविभोर हो उठे तथा कामना की कि भगवान श्री मदनमोहन की कृपा सभी पर बनी रहे और सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं आनंद का संचार हो। उक्त अवसर पर राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे एवं सुदर्शन भगत, पूर्व सांसद रबीन्द्र कुमार पांडेय एवं समीर उरांव सहित कई गणमान्य अतिथिगण एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *