राजनीति

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंत्री इरफान अंसारी ने कहा योग सदियों से भारतीय संस्कृति और जीवन पद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रांची विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती दीक्षांत मंडप में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, एनएसएस वॉलेंटियर्स, योग प्रशिक्षकों और योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे परिसर में योग के प्रति जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। योग शुरू करने से पहले स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि योग सदियों से भारतीय संस्कृति और जीवन पद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।

वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और मानसिक दबाव के बीच योग लोगों को मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया। कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है और मन को भी शांति मिलती है।

वहीं योग करने आए गणमान्य अतिथियों ने कहा कि डिजिटल युग में बढ़ता स्क्रीन टाइम लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल रहा है। ऐसे समय में योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मदद करता है।

इस अवसर पर योगासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धियों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे खिलाड़ियों की सफलता युवा पीढ़ी को योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करती है।

कार्यक्रम के दौरान सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और मानसिक शांति का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची विधायक सीपी सिंह ,अपर मुख्य सचिव अजय कुमार, रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *