अपराध

हत्या की साजिश नाकाम: हथियार के साथ दो गिरफ्तार, एक फरार, लोहरदगा पुलिस ने घेराबंदी कर अल्टो कार पकड़ी, देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस व वाहन जब्त

लोहरदगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संभावित हत्या की साजिश को विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि उनका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त अल्टो कार बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को दिन में लगभग 11:45 बजे सूचना मिली थी कि नीले रंग की एक अल्टो कार से तीन व्यक्ति सोबरनटोली से जुरिया की ओर किसी गंभीर आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम में सअनि असर्फी बहेलिया के नेतृत्व में पु-अनि रविरंजन कुमार, सअनि चन्द्रदीप मेहता, सअनि रमेश कुमार तिवारी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

करीब 12 बजे सोबरनटोली में घेराबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध अल्टो कार (संख्या- जेएच-07बी-7575) को आते देखा। पुलिस वाहन को देखते ही कार की पिछली सीट पर बैठा एक व्यक्ति दरवाजा खोलकर गली की ओर भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा। वहीं चालक ने कार को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को चारों ओर से घेरकर रोक लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार हुसैन अंसारी (36 वर्ष), निवासी लोंगा, थाना भरनो, जिला गुमला तथा अजय साहु (30 वर्ष), निवासी बीआईडी प्रेमनगर, लोहरदगा को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान अजय साहु की कमर से एक 7.65 एमएम का देशी पिस्टल तथा एक पैकेट में चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे अपने तीसरे साथी संजय लोहरा के साथ मिलकर एक व्यक्ति की हत्या की योजना बनाकर निकले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। फरार आरोपित की पहचान संजय लोहरा, निवासी लोंगा, थाना भरनो, जिला गुमला के रूप में हुई है।

पुलिस ने इस मामले में लोहरदगा थाना कांड संख्या 102/26, दिनांक 20 जुलाई 2026 के तहत बीएनएस की धारा 61(2)(ए), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित अजय साहु तथा फरार संजय लोहरा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। अजय साहु के विरुद्ध अपहरण, लूट, आपराधिक षड्यंत्र तथा दुष्कर्म सहित विभिन्न मामलों में केस दर्ज हैं, जबकि संजय लोहरा पर लूट एवं आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *