खेल

रांची में होनेवाले डूरंड कप को लेकर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मेजर जनरल सज्जन सिंह मान एवं कर्नल हेमचंद्रा ने की मुलाकात

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मेजर जनरल सज्जन सिंह मान (जीओसी, 23 इन्फैंट्री डिविजन) एवं नोडल ऑफिसर डूरंड कप कर्नल हेमचंद्रा ने शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री को उन्होंने अवगत कराया कि प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी इस वर्ष रांची कर रहा है। यह टूर्नामेंट आगामी 26 जुलाई से प्रारंभ होना संभावित है।

मौके पर मुख्यमंत्री को उन्होंने टूर्नामेंट के सफल आयोजन हेतु की जा रही तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं विभिन्न विभागों के साथ समन्वय की विस्तृत जानकारी दी। मौके पर राज्य के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि डूरंड कप देश का ऐतिहासिक एवं गौरवशाली फुटबॉल टूर्नामेंट है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर झारखंड को प्राप्त होना गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के क्षेत्र में राज्य की पहचान लगातार देश-दुनिया में मजबूत हो रही है और ऐसे बड़े आयोजनों से यहां के खिलाड़ियों को प्रेरणा एवं बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डूरंड कप आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। टूर्नामेंट में शामिल खिलाड़ियों, टीम प्रबंधनों एवं खेल प्रेमियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो इसका विशेष ख्याल रखा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *