रांची में बड़ी आपराधिक घटना की साजिश नाकाम, हथियार के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार
गुप्त सूचना के आधार पर जगरनाथपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक घटना की योजना को विफल कर दिया। पुलिस ने लटमा रोड स्थित नेपाली कॉलोनी रोड नंबर-7 के पास स्वर्णरेखा नदी के समीप छापेमारी कर एक कार से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से हथियार, जिंदा कारतूस तथा अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार तीन जून 2026 को सूचना मिली थी कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग एक नीले रंग की मारुति स्विफ्ट कार में हथियारों और गोलियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए जगरनाथपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी के दौरान पुलिस ने नेपाली कॉलोनी रोड नंबर-7 स्थित स्वर्णरेखा नदी के पास संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर उसकी तलाशी ली। वाहन में सवार तीन युवकों ने अपनी पहचान सुमित मिंज उर्फ लवेंडर, राकेश रंजन उर्फ गुड्डु तथा रोहित महली के रूप में बताई। तलाशी के दौरान सुमित मिंज उर्फ लवेंडर के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद की गई, जिसकी मैगजीन में छह जिंदा कारतूस मौजूद थे।
इसके अलावा कार से दो टांगी (कुल्हाड़ी), एक लोहे का तथा एक लकड़ी का बेसबॉल स्टिक, पांच मोबाइल फोन और एक टैब भी बरामद किया गया। बरामद सामानों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने सभी वस्तुओं को विधिवत जब्त कर लिया। इस संबंध में जगरनाथपुर थाना में कांड संख्या 131/26, दिनांक 4 जून 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त सुमित मिंज उर्फ लवेंडर के विरुद्ध हत्या, रंगदारी एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले पूर्व से दर्ज हैं। वहीं राकेश रंजन उर्फ गुड्डु के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट तथा रंगदारी एवं मारपीट से संबंधित मामलों का रिकॉर्ड मौजूद है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किस आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे और उनके अन्य सहयोगी कौन-कौन हैं।
