राजनीति

झारखण्ड दौरे पर पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का झामुमो ने किया मुक्तकंठ से प्रशंसा, जताया हृदय से आभार

झारखण्ड मुक्ति मोर्चा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखण्ड दौरे का हृदय की गहराइयों से स्वागत किया है। आज प्रेस कांफ्रेस के दौरान झामुमो के केन्द्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि जब द्रौपदी मुर्मू झारखण्ड के राज्यपाल के रुप में अपनी सेवा दे रही थी, तब उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान यहां के आदिवासियों व मूलनिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए अनेक कदम उठाए।

उन्होंने यह भी कहा कि जब रघुवर शासनकाल में एसपीटी व सीएनटी एक्ट पर संकट गहराए और रघुवर सरकार ने इसको लेकर आदिवासियों व मूलवासियों के अधिकारों का हनन करने की कोशिश की, तब तत्कालीन राज्यपाल के तौर पर उन्होंने कुछ ऐसे निर्णय लिये, जो यहां की जनता कभी भूल नहीं सकती। सुप्रियो ने यह भी कहा कि झारखण्ड के दौरे पर आई राष्ट्रपति झारखण्ड के राजा यानी बाबा वैद्यनाथ का दर्शन व पूजन कर आई हैं, भगवान बिरसा की प्रतिमा पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की हैं, ये सारी घटनाएं बताती है कि हमारी राष्ट्रपति महोदया कितना इस धरती से प्रेम करती है।

सुप्रियो ने कहा कि 2015-16 में बांगला सांस्कृतिक मेला का उद्घाटन करने जब वो आई थी, उस वक्त उनका जो संभाषण था, बांगला भाषा में था, एकदम निश्छल मन से उन्होंने उक्त मेले में बात की। उन्हें लगता है कि इस राज्य में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जैसा गौरवमयी कालखण्ड किसी राज्यपाल का झारखण्ड में नहीं रहा। उनका जो अपनत्व था, जब भी कभी मिलते, वो सारी बाते सुनती, कई जिज्ञासाएं थी, जो वो प्रकट भी करती थी। यह गौरव का पल है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आज उच्च न्यायालय के नये भवन का उद्घाटन हो रहा है।